सदर अस्पताल में मानसिक स्वास्थ्य एवं विधिक अधिकारों को लेकर जागरूकता कार्यक्रम

खूंटी : झालसा, रांची के निर्देशन में तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकार, खूंटी के अध्यक्ष-सह-प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश रसिकेश कुमार के मार्गदर्शन में सदर अस्पताल, खूंटी में मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे व्यक्तियों को उनके विधिक अधिकारों, सम्मानजनक व्यवहार, स्वास्थ्य सुविधाओं तथा निःशुल्क विधिक सहायता के संबंध में जानकारी उपलब्ध कराना था। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित मरीजों एवं उनके परिजनों को बताया गया कि मानसिक स्वास्थ्य की समस्या से प्रभावित व्यक्ति भी अन्य नागरिकों की तरह अपने अधिकारों के हकदार हैं तथा आवश्यकता पड़ने पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार के माध्यम से निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
इस अवसर पर एलएडीसी चीफ श्री राजीव कमल ने मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित व्यक्तियों के अधिकारों एवं उन्हें उपलब्ध विधिक सहायता के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मानसिक रूप से बीमार व्यक्तियों के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार किया जाना चाहिए तथा उनके अधिकारों की रक्षा के लिए विधिक सेवा संस्थाएं सदैव सहयोग के लिए तत्पर हैं।
कार्यक्रम में डॉ. रिचर्डसन सोय, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के पीएलवी, सदर अस्पताल की नर्स तथा लगभग 40 से 50 मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित मरीज उपस्थित रहे। उपस्थित मरीजों एवं उनके परिजनों को आवश्यक जानकारी देते हुए विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में भी बताया गया साथ ही टपकारा पंचायत में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजन किया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से बताया गया कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक न्याय एवं विधिक सहायता की पहुंच सुनिश्चित करना प्राथमिकता है। मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित व्यक्तियों को भी समान अधिकार एवं सम्मान मिलना चाहिए।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार, खूंटी द्वारा ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से आम लोगों को उनके विधिक अधिकारों के प्रति लगातार जागरूक किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *