खूंटी में तीन नाबालिग बच्चियों के साथ सामूहिक दुष्कर्म, दो आरोपी गिरफ्तार; दो अन्य की तलाश में छापेमारी
खूंटी : खूंटी जिले में तीन नाबालिग बच्चियों के साथ सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि चार युवकों ने बच्चियों को बहला-फुसलाकर जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने के बहाने बुलाया और बाद में अलग-अलग स्थानों पर ले जाकर उनके साथ दुष्कर्म किया। मामले में महिला थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, तीनों पीड़िताओं में दो मुरहू थाना क्षेत्र की रहने वाली सगी बहनें हैं, जबकि तीसरी सायको थाना क्षेत्र की निवासी है। तीनों की उम्र 15 से 17 वर्ष के बीच है। इनमें दो बच्चियों की उम्र 17-17 वर्ष और तीसरी की उम्र 15 वर्ष बताई गई है।
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार को सायको क्षेत्र की एक नाबालिग ने फोन कर मुरहू की रहने वाली दोनों सगी बहनों को अपने एक दोस्त की जन्मदिन पार्टी में शामिल होने के लिए बुलाया था। इसके बाद तीनों बच्चियां आरोपियों के साथ बाइक और स्कूटी से मुरहू, कदमा और रनकिनबुरु होते हुए मारंगहादा क्षेत्र के एक गांव पहुंचीं। आरोप है कि पार्टी के बाद घर छोड़ने के बहाने उन्हें अलग-अलग स्थानों पर ले जाया गया, जहां उनके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया।
इस संबंध में महिला थाना में 3 नवंबर को कांड संख्या 18/26 दर्ज किया गया है। प्राथमिकी भारतीय न्याय संहिता की धारा 65, 61, 126(2), 3(5) और पॉक्सो एक्ट की धारा 4/6 के तहत दर्ज की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल उर्फ गोपाल मुंडा (18) और मनसा टूटी उर्फ टाना (18), दोनों निवासी मारंगहादा थाना क्षेत्र, के रूप में हुई है। पुलिस अन्य दो आरोपियों की तलाश में जुटी है।
पुलिस ने तीनों पीड़िताओं का मंगलवार को चिकित्सकीय परीक्षण कराया है। बुधवार को न्यायालय और बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के समक्ष उनका बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया की जाएगी। फिलहाल तीनों बच्चियों को सुरक्षित स्थान पर रखा गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।



