राष्ट्रीय तिलहन मिशन के तहत 25 प्रगतिशील किसान अंतरराज्यीय परिभ्रमण पर राजस्थान रवाना

खूंटी: राष्ट्रीय तिलहन मिशन योजनान्तर्गत आत्मा के तत्वावधान में जिले के विभिन्न प्रखण्डों के कुल 25 प्रगतिशील कृषकों का दल पांच दिवसीय अंतरराज्यीय परिभ्रमण हेतु भरतपुर, राजस्थान के लिए रवाना हुआ। जिला कृषि पदाधिकारी एवं परियोजना निदेशक, आत्मा, खूंटी ने हरी झंडी दिखाकर कृषकों के दल को रवाना किया।
इस पांच दिवसीय परिभ्रमण का मुख्य उद्देश्य किसानों को तिलहनी फसलों की उन्नत किस्मों, आधुनिक कृषि तकनीकों एवं वैज्ञानिक पद्धति से खेती करने की जानकारी प्रदान करना है। इस दौरान कृषकों को भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के तिलहन अनुसंधान केंद्र सहित आसपास के प्रगतिशील किसानों के खेतों का भ्रमण कराया जाएगा।
भ्रमण के दौरान किसान तिलहनी फसलों की उन्नत एवं वैज्ञानिक विधि से खेती, बेहतर उत्पादन, फसल प्रबंधन तथा नवीन कृषि तकनीकों के व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी प्राप्त करेंगे। इससे उन्हें अपने क्षेत्र में तिलहनी फसलों की खेती को प्रोत्साहित करने तथा उत्पादन एवं उत्पादकता बढ़ाने में सहायता मिलेगी।
जिले के किसानों को इस प्रकार के प्रशिक्षण एवं अंतरराज्यीय परिभ्रमण के माध्यम से कृषि के क्षेत्र में हो रहे नवाचारों और उन्नत तकनीकों से जोड़ने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *