जिले के सभी मतदान केंद्रों पर पांचवीं BLO-BLA2 बैठक एवं चुनाव पाठशाला का हुआ आयोजन
खूंटी: भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड के निर्देशानुसार आज खूंटी जिले के सभी मतदान केंद्रों पर पांचवीं BLO-BLA2 बैठक एवं पांचवीं चुनाव पाठशाला का आयोजन किया गया। बैठक पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 1:00 बजे तक आयोजित हुई, जिसमें संबंधित मतदान केंद्रों के बूथ लेवल ऑफिसर (BLO), राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (BLA-2) एवं आम नागरिकों ने सहभागिता की।
बैठक का मुख्य उद्देश्य विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के साथ सभी हितधारकों की सहभागिता को प्रभावी बनाना रहा। इस दौरान प्रारूप मतदाता सूची में शामिल ऐसे मतदाताओं के मामलों की समीक्षा की गई, जिन्हें दो बार नोटिस जारी किए जाने एवं BLO द्वारा घर जाकर सत्यापन किए जाने के बावजूद सुनवाई की औपचारिकताएं पूरी नहीं हुई हैं।
बैठक में अनुपस्थित अथवा अप्राप्य मतदाता, स्थायी रूप से स्थानांतरित मतदाता, गणना प्रपत्र जमा करने के बाद मृत्यु के मामले, एक से अधिक गणना प्रपत्र जमा करने वाले मतदाता सहित अन्य संबंधित मामलों पर चर्चा की गई। इन मामलों में प्राप्त जानकारी एवं तथ्यों के आधार पर उचित टिप्पणियां बैठक की कार्यवाही में दर्ज की गईं।
इसके अतिरिक्त, प्रारूप मतदाता सूची में नाम शामिल नहीं होने वाले पात्र नागरिकों तथा 01 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके ऐसे युवाओं, जिन्होंने अब तक फॉर्म-6 जमा नहीं किया है, की पहचान करने पर विशेष जोर दिया गया। होम-टू-रोल सत्यापन अभियान के तहत पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की दिशा में भी चर्चा की गई।

बैठक के दौरान यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। आवश्यक दस्तावेजों के अभाव में पात्र नागरिकों को BLO एवं संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO)/सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO) के माध्यम से आवश्यक सहायता एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की व्यवस्था पर भी बल दिया गया।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मो० जावेद हुसैन ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को SIR प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता बनाए रखने तथा पात्र नागरिकों की पहचान कर उनका नाम मतदाता सूची में शामिल कराने हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।


