मुरहू पंचायत में आवारा कुत्तों की भरमार, लोगों और मवेशियों में बढ़ा खतरा : अरुण साबू
खूंटी : मुरहू पंचायत एवं प्रखंड क्षेत्र में इन दिनों आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। आने वाले दिनों में त्योहारों का समय है, जिसके कारण बाजारों, दुकानों, मुख्य सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों की आवाजाही और भी बढ़ेगी। ऐसे में सड़कों और बाजारों में झुंड बनाकर घूम रहे आवारा एवं खूंखार कुत्ते आम लोगों के लिए गंभीर खतरा बन सकते हैं।
स्थिति यह है कि कई स्थानों पर ये कुत्ते जंगली कुत्तों की तरह व्यवहार कर रहे हैं। मवेशियों के पीछे झुंड बनाकर दौड़ना और उन पर हमला करना भी आम हो गया है। कई पालतू जानवरों पर भी इन आवारा कुत्तों के हमले की शिकायतें सामने आ रही हैं। वहीं, लोगों को कुत्तों के काटने की घटनाओं का भी सामना करना पड़ रहा है।
मुरहू के उप प्रमुख अरुण कुमार साबू ने जिला प्रशासन एवं पंचायती राज पदाधिकारी से जनहित में तत्काल कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि मुरहू क्षेत्र में बढ़ती आवारा कुत्तों की संख्या को देखते हुए डॉग रिकवरी वैन के माध्यम से इन कुत्तों की कैचिंग कर उन्हें सुरक्षित शेल्टर में रखने की व्यवस्था की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो त्योहारों के दौरान भीड़ बढ़ने पर कुत्तों के हमले की घटनाएं और बढ़ सकती हैं। इससे बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं, राहगीरों तथा पालतू एवं अन्य मवेशियों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है।
उप प्रमुख अरुण कुमार साबू ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मुरहू पंचायत एवं पूरे प्रखंड क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर लावारिस एवं आक्रामक कुत्तों को डॉग रिकवरी वैन से पकड़कर सुरक्षित शेल्टर में रखने की तत्काल व्यवस्था की जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके और किसी बड़ी घटना से पहले समस्या का समाधान किया जा सके।


