दुर्गापूजा व विजयादशमी त्यौहार को लेकर उपायुक्त आर. रॉनिटा ने की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक, विधि-व्यवस्था संधारण एवं शांतिपूर्ण आयोजन पर दिए आवश्यक निर्देश
खूंटी : दुर्गापूजा एवं विजयादशमी त्यौहार 2025 के सफल, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर आज समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी, श्रीमती आर. रॉनिटा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला के सभी पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, थाना प्रभारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी उपस्थित रहे।
इस वर्ष जिले में 22 सितंबर को कलश स्थापना, 29 सितंबर को महासप्तमी, 30 सितंबर को महाअष्टमी, 1 अक्टूबर को महानवमी एवं 2 अक्टूबर को विजयादशमी तथा रावण दहन कार्यक्रम का आयोजन प्रस्तावित है। बैठक में उपायुक्त ने सभी अधिकारियों से उनके क्षेत्र में आयोजित दुर्गापूजा समितियों, लाइसेंसी एवं गैर-लाइसेंसी पूजा पंडालों तथा रावण दहन कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने थानेवार आयोजित शांति समिति की बैठकों की समीक्षा की।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी थाना प्रभारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में सक्रिय रहकर समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि सभी पूजा पंडालों का भौतिक सत्यापन अनिवार्य रूप से किया जाए। सुरक्षा की दृष्टि से पंडालों में सीसीटीवी कैमरा अधिष्ठापन, पंडालों में महिला और पुरूष के लिए एंट्री व एग्जिट पॉइंट की पहचान, अग्निशामक की व्यवस्था, विसर्जन तालाब में जल स्तर की जांच एवं बैरिकेडिंग, गोताखोर एवं लाइफ जैकेट की उपलब्धता, ट्रैफिक की पर्याप्त व्यवस्था, विसर्जन मार्ग एवं समय का निर्धारण, रावण दहन स्थल पर बैरिकेडिंग, विद्युत तारों की मरम्मती समेत अन्य जरूरी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
जिला कंट्रोल रूम, थाना का नंबर एवं अन्य इमरजेंसी नम्बर को सक्रिय रखने एवं सभी पूजा पंडाल में नंबरों को दर्ज करने के निर्देश दिए गए। पेयजल की व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट एवं सीसीटीवी की मरम्मत सुनिश्चित करने हेतु कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद को निर्देश दिया गया। सदर अस्पताल, सीएचसी एवं पीएचसी केंद्र को त्योहारों के दौरान पूर्ण रूप से सक्रिय रखने का निर्देश सिविल सर्जन को निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मी अस्पतालों में उपलब्ध हो, जिससे मरीजों को ईलाज कराने में समस्या न हो। वहीं अवैध रूप से शराब बिक्री को लेकर जांच एवं आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश उत्पाद अधीक्षक को दिया गया।
उपायुक्त ने विशेष रूप से निर्देशित किया कि प्रतिनियुक्त पदाधिकारी उत्तरदायित्वपूर्ण कार्य निष्पादन करें तथा विधि-व्यवस्था संधारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। साथ हीं त्यौहारों के दौरान डिस्ट्रिक्ट कंट्रोल रूम को सक्रिय रहने एवं किसी भी प्रकार की सूचना पर त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया गया। बैठक में उप विकास आयुक्त श्री आलोक कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी सुश्री दीपेश कुमारी, अपर समाहर्ता श्री परमेश्वर मुण्डा, अनुमंडल पदाधिकारी खूंटी श्री वरुण रजक, डीएसपी मुख्यालय, सिविल सर्जन, डीसीएलआर, सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।



