कांग्रेस विधायक सुरेश बैठा की पहल-झारखंड में एससी आयोग का गठन को लेकर 21को होगी बैठक

रांची:,गणादेश :कांके विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक सुरेश बैठा ने झारखंड में अनुसूचित जाति आयोग के गठन और उससे जुड़े लंबित मुद्दों को लेकर बड़ा कदम उठाया है। इसी क्रम में वे 21 सितंबर (रविवार) को पुराने विधानसभा सभागार में अनुसूचित जाति की राज्य स्तरीय बैठक आयोजित कर रहे हैं। इसमें कांग्रेस के झारखंड प्रभारी के. राजू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
शनिवार को अपने आवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए विधायक बैठा ने कहा कि अनुसूचित जाति आयोग का गठन तो हो गया है, लेकिन अब तक सदस्यों की नियुक्ति नहीं हुई। परामर्शदात्री काउंसिल और वित्त निगम का गठन भी नहीं किया गया है।
उन्होंने बताया कि झारखंड की लगभग 17 प्रतिशत जनसंख्या अनुसूचित जाति वर्ग से है, जबकि उन्हें केवल 10 प्रतिशत आरक्षण ही मिल रहा है। प्रदेश में महज 23 छात्रावास हैं, जिन्हें हर जिले में बढ़ाने की जरूरत है।
विधायक बैठा ने कहा कि अनुसूचित जाति आयोग, परामर्शदात्री काउंसिल और वित्त निगम का गठन शीघ्र किया जाए।आरक्षण अनुपात को आबादी के हिसाब से बढ़ाया जाए।अनुसूचित जाति छात्रावासों की संख्या सभी जिलों में बढ़ाई जाए।अनुसूचित जाति समाज को सामाजिक और राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित की जाए।विगत 5-10 वर्षों के बजट आवंटन और खर्च का अंकेक्षण सामाजिक/महालेखाकार से कराया जाए। जिन लोगों के पास जाति प्रमाण पत्र नहीं है, उनका डेटा “सामान्य वर्ग” में दर्ज हो रहा है, जिसे तत्काल सुधारा जाए।सुरेश बैठा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने 2024 विधानसभा चुनाव में अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित 2 सीटों पर चुनाव लड़ा और दोनों जीते, जबकि कुल आरक्षित सीटें 9 प्रतिशत हैं। इसलिए इन सीटों की संख्या बढ़ाने की जरूरत है। साथ ही, कांग्रेस को 35 वर्षों से उपेक्षित पलामू संसदीय क्षेत्र में भी चुनावी तैयारी करनी चाहिए।

विधायक ने चेतावनी दी कि यदि सरकार और संगठन ने इन मुद्दों पर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया तो अनुसूचित जाति वर्ग की एक पूरी पीढ़ी सामाजिक, राजनीतिक और शैक्षिक अवसरों से वंचित रह जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *