भद्रकाली मंदिर परिसर में कीर्तन मंडली के पुजारी का शव फंदे से लटका मिला
इटखोरी : चतरा जिले के इटखोरी स्थित मां भद्रकाली मंदिर परिसर में शुक्रवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब कीर्तन मंडली से जुड़े पुजारी श्रीनिवास स्वामी का शव उनके कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि श्रीनिवास स्वामी मूल रूप से बिहार के बक्सर जिले के रहने वाले थे और मंदिर परिसर में ही रहते थे। स्थानीय लोगों और मंदिर समिति के सदस्यों ने कमरे में उन्हें फंदे से लटका देखा, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से कमरे का दरवाजा खोला गया और श्रीनिवास स्वामी को नीचे उतारकर तत्काल इटखोरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी। घटना के बाद मंदिर परिसर में शोक का माहौल है। कीर्तन मंडली और मंदिर से जुड़े लोगों के अनुसार, श्रीनिवास स्वामी धार्मिक गतिविधियों में सक्रिय रूप से जुड़े हुए थे।
फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


