चुटूपालू घाटी में कंटेनर ने कार को मारी जोरदार टक्कर, महिला की मौत, पांच घायल
रामगढ़ : रांची-पटना हाईवे पर चुटूपालू घाटी में रविवार सुबह हुए सड़क हादसे में कार सवार एक महिला की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मृतका की पहचान सारा तबस्सुम (45) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह रामगढ़ मुख्यालय डीएसपी अकरम रजा की मौसी थीं।
जानकारी के अनुसार, सभी लोग रांची से कार में सवार होकर रामगढ़ की ओर आ रहे थे। इसी दौरान रांची की ओर से आ रहे कंटेनर NL 01AB 8418 का चुटूपालू घाटी में ब्रेक फेल हो गया। अनियंत्रित कंटेनर ने आगे चल रही कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे में सारा तबस्सुम की मौत हो गई, जबकि फिरोज राही (48), तरजा सलियां (23), सिफ्ता ताजमीन, अमीरा ताजमीन (10) और अनुजा तबस्सुम घायल हो गए। सभी एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं।
स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को कार से बाहर निकालकर रामगढ़ सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।


