महिलाएं अपने टैलेंट के दम पर कई मामलों में पुरुषों से बेहतर कर रही हैं: एसपी

बोकारो –रविवार को शिबू सोरेन स्मृति भवन (टाउन हॉल) में दीप प्रज्वलन के साथ महिला महोत्सव सप्ताह का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर डीसी  अजय नाथ झा, एसपी  हरविंदर सिंह,  डीडीसी शताब्दी मजूमदार, डीपीएलआर  मेनका, एसी मो. मुमताज अंसारी, एफओ  संदीप शिंदे, चास एसडीओ  प्रांजल ढांडा, डीसीएलआर चास  प्रभाष दत्ता सहित अन्य अधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की।मौके पर जिला समाज कल्याण पदाधिकारी डॉ. सुमन गुप्ता ने उपस्थित लोगों को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के इतिहास और उसके महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि यह दिवस महिलाओं के अधिकार, समानता और सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का महत्वपूर्ण अवसर है।

कार्यक्रम की शुरुआत में सभी अतिथियों का पारंपरिक रूप से साल ओढ़ाकर एवं पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया।मौके पर पुलिस अधीक्षक  हरविंदर सिंह ने कहा कि आज की महिलाएं अपने टैलेंट, मेहनत और आत्मविश्वास के दम पर समाज के हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। कई मामलों में वे पुरुषों से बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं और अपनी क्षमता का लोहा मनवा रही हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में महिलाएं प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल और व्यवसाय सहित विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।एसपी ने कहा कि महिलाएं अपनी जिम्मेदारियों को भली-भांति समझती हैं और पूरे समर्पण, डेडिकेशन तथा पैशन के साथ अपने कार्यों को अंजाम देती हैं। यही वजह है कि आज वे न केवल अपने परिवार बल्कि समाज और देश के विकास में भी अहम योगदान दे रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाएं सबको साथ लेकर चलने की भावना रखती हैं, जो समाज को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।उन्होंने महिला सुरक्षा के मुद्दे पर महिलाओं से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि पुलिस विभाग लगातार महिलाओं की सुरक्षा को लेकर कई कदम उठा रहा है, लेकिन इस दिशा में महिलाओं की भागीदारी भी बेहद जरूरी है। महिलाओं से विशेष रूप से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि वे अपने घरों में बच्चों को महिलाओं/बेटियों के सम्मान और सुरक्षा के प्रति जागरूक करें तथा उन्हें अच्छे संस्कार दें।एसपी ने कहा कि यदि परिवार और समाज मिलकर बच्चों को सही दिशा देंगे तो महिलाओं के प्रति अपराधों में कमी लाई जा सकती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि महिलाओं के लिए सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण बनाना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है। जब पुलिस और समाज मिलकर काम करेंगे, तभी महिला सुरक्षा को मजबूत किया जा सकेगा और एक बेहतर समाज का निर्माण होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *