जब लालू यादव ने घुटने नहीं टेके, तो मैं भी उनका बेटा हूं : तेजस्वी

पूर्णिया : पूर्णिया के रंगभूमि मैदान में महागठबंधन की महारैली का रंग जम चुका है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी के अलावा कांग्रेस, भाकपा, माकपा और भाकपा माले के नेता मंच पर भाजपा और केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ हुंकार भर रहे हैं। महारैली को संबोधित करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि हमारे पिता लालू यादव ने संप्रदायिक तत्वों के सामने कभी घुटने नहीं टेके। जब लालू यादव ने घुटने नहीं टेके, तो मैं भी उनका बेटा हूं। भाजपा में कोई लीडर नहीं रह गया है, सब डीलर बन गया है। भाजपा नफरत की राजनीति करना चाहती है। आज भाजपा के खिलाफ जो बोलता है, उसके यहां छापा पड़ता है। भाजपा के साथ जो रहता है, वह हरिश्चंद्र हो जाता है।
तेजस्वी यादव ने कहा कि जब-जब बिहार लड़ता है तब-तब दिल्ली हिलता है। भाजपा समाजवादी विचारधारा को खत्म करना चाहती है। नीतीश कुमार को धन्यवाद देना चाहते हैं कि आप डरे नहीं और आपने भाजपा से लड़ने का काम किया। प्रधानमंत्री-मुख्यमंत्री बनने की कोई इच्छा नहीं है। बस 2024 में भाजपा को हटाने और बाबा साहब के संविधान को बचाना लक्ष्य है।
बिकाऊ नहीं, टिकाऊ हैं बिहार के लोग
डिप्टी सीएम तेजस्वी ने कहा कि महाराष्ट्र में विधायक की खरीद फरोख्त किया गया, लेकिन बिहार में यह सफल नहीं होगा। 2024 की लड़ाई आरएसएस और भाजपा वालो से हैं। इसी मैदान में मोदी ने साल 2014 में बिहार को विशेष राज्य दर्जा देने का वादा किया था। भाजपा का जुमला बिहार में नहीं चलने वाला है। इस बार के केंद्रीय बजट में बिहार को कुछ नहीं मिला है। भाजपा ने रेल बेचा, तेल बेचा, बीएसएनएल बेचा, एलआईसी को भी बेच दिया। बिहार में जंगलराज के आरोपों पर तेजस्वी ने कहा कि यहां जनता का राज है। हम अमित शाह को बताना चाहते हैं कि बिहार के लोग बिकाऊ नहीं बल्कि टिकाऊ हैं।
लालू ने कहा-भाजपा पार्टी नहीं, RSS का मुखौटा है
महारैली में राजद सुप्रीमो लालू यादव भी जुड़े। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से लालू यादव ने दिल्ली में बैठकर महारैली को संबोधित किया। लालू यादव ने कहा कि भाजपा पार्टी नहीं है। यह RSS का मुखौटा है। RSS जो चाहता है, वही नरेंद्र मोदी कर रहे हैं। भारत को बचाने के लिए एकजुटता आवश्यक है। लालू यादव ने कहा कि हम और नीतीश एक हो गए हैं। लोकतंत्र बचेगा तभी राजनीति होगी। देश और संविधान को बचाना है। पूर्णिया से संकल्प लीजिए कि किसी के बहकावे में नहीं आकर 2024 के चुनाव में इतिहास दर्ज करेंगे।
महागठबंधन सरकार पर दिल्ली के नेताओं को 440 वोल्ट का झटका : ललन
वहीं, जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने कहा कि बिहार में महागठबंधन सरकार बनने के बाद दिल्ली में बैठे नेताओं को 440 वोल्ट का झटका लगा है। इसके बाद भाजपा नेताओं की तरफ से लालू यादव और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बारे में काफी अनाप-शनाप कहा गया। भाजपा ऐसी पार्टी है जिस में शामिल होते ही वाशिंग मशीन की तरह नेता साफ हो जाते हैं। लोकतंत्र को बचाने के लिए भारत भाजपा मुक्त बनाना जरूरी है।
भाजपा सरकार रहेगी तो भारत होगा बर्बाद : मांझी
महारैली को संबोधित करते हुए हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के संरक्षक जीतन राम मांझी ने कहा कि वर्तमान केंद्र की सरकार जुमलों की सरकार है। दो करोड़ हर साल नौकरी देने का वादा था लेकिन मिला कुछ नहीं। महंगाई रोकने की बात कही थी, लेकिन महंगाई आकाश छू रही है। गैस के दाम आसमान छू रहे हैं। लोग महंगाई से त्रस्त हैं।
मांझी ने कहा कि भाजपा की सरकार संविधान से खिलवाड़ कर रही है। सभी चीजों को प्राइवेट सेक्टर में ले जा रहे हैं और आरक्षण समाप्त कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार केंद्र में रहेगी तो भारत को बर्बाद कर देगी। हिंदुस्तान टुकड़े-टुकड़े में बंट जाएगा। हर हालत में 2024 और 2025 में बीजेपी को हटाने का काम करें।
युवाओं के दिल में रहते हैं तेजस्वी : लेसी सिंह
बिहार में जदयू कोटे की मंत्री लेसी सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार ने बापू के विचारों को जन-जन तक पहुंचाया है। तेजस्वी यादव युवाओं के दिल में रहते हैं। केंद्र से नरेंद्र मोदी को हटाना है।
बता दें कि राज्य में सत्तारूढ़ महागठबंधन के सभी घटक दल पूर्णिया में एक मंच पर जुटकर भाजपा मुक्त भारत बनाने का आवाह्न कर रहे हैं। पिछले साल 10 अगस्त को महागठबंधन की सरकार बनने के बाद यह पहला अवसर है, जब सभी दल एक साथ साझा उद्देश्य से मंच पर जुटे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *