वार्ड-34 के प्रत्याशी अरुण झा ने खोला मतदाता सहयोग केंद्र सह चुनाव कार्यालय
रांची:रांची नगर निगम चुनाव के तहत हरमू विद्यानगर स्थित वार्ड-34 से प्रत्याशी अरुण झा ने रविवार को विद्यानगर हनुमान मंदिर परिसर में मतदाता सहयोग केंद्र सह चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में समर्थक और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे, जिन्होंने उन्हें चुनाव में जीत का आशीर्वाद दिया।
कार्यक्रम के दौरान समर्थकों में उत्साह देखने को मिला और लोगों ने अरुण झा की जीत को लेकर भरोसा जताया। अरुण झा ने कहा कि मतदाता सहयोग केंद्र का उद्देश्य वार्डवासियों की समस्याओं को सीधे सुनना और उनके समाधान के लिए लगातार प्रयास करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जनता का समर्थन मिला तो वार्ड-34 में मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर सुदृढ़ किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि गर्मी के मौसम में वार्ड क्षेत्र में शुद्ध पेयजल की गंभीर समस्या बनी रहती है, जिससे लोगों को पानी खरीदना पड़ता है। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए घर-घर नल से जल पहुंचाने का कार्य किया जाएगा। इसके साथ ही बच्चों के लिए पार्क की व्यवस्था कर सुरक्षित और स्वच्छ माहौल उपलब्ध कराया जाएगा।
अरुण झा ने कहा कि रांची नगर निगम की सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ वार्ड-34 के लोगों तक सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही वार्ड को स्वच्छ और सुंदर बनाने की दिशा में लगातार काम किया जाएगा।
इस अवसर पर विनय कुमार झा, राजकुमार झा, बके झा, अनिल महतो, देवेंद्र कुमार, अनिल ठाकुर सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम में पहुंचे लोगों को अरुण झा ने अंगवस्त्र देकर सम्मानित भी किया।



