अंतर्राष्ट्रीय दौरा पर वियतनाम जाएगा चेम्बर के प्रतिनिधिमंडल,मंत्री संजय प्रसाद यादव फ्लैग ऑफ करेंगे

24 जून को 21 सदस्यों का प्रतिनिधिमंडल जाएगा विदेश,30 जून को वापसी

रांची :फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज द्वारा 24 से 30 जून तक वियतनाम का अंतर्राष्ट्रीय दौरा किया जा रहा है। इस व्यवसायिक दौरे में टेक्सटाइल, टूरिज्म, फूड प्रोसेसिंग, ऑटोमोबाइल, ट्रांसपोर्ट, हॉस्पिटैलिटी समेत विभिन्न सेक्टर्स से जुडे़ 21 सदस्यीय दल शामिल हैं। झारखण्ड चैंबर द्वारा किये जा रहे व्यवसायिक दौरे पर चर्चा हेतु आज चैंबर भवन में प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। चैंबर अध्यक्ष परेश गट्टानी ने कहा कि वियतनाम में भारतीय राजदूतावास के अलावा इंडियन बिजनेस चेंबर इन वियतनाम, वियतनाम एसोसियेशन ऑफ फॉरेन इंवेस्टेड इंटरप्राइजेज, वियतनाम चेंबर ऑफ कॉमर्स कई स्थानीय कंपनी के उच्चाधिकारियों के साथ झारखण्ड चैंबर की बैठकें आयोजित हैं।

कार्यक्रम संयोजक शैलेष अग्रवाल ने अवगत कराया कि 24 जून को सुबह 10 बजे बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर माननीय उद्योग एवं श्रम मंत्री संजय प्रसाद यादव चैंबर प्रतिनिधिमंडल को फ्लैग ऑफ करेंगे। सह सचिव विकास विजयवर्गीय और नवजोत अलंग ने संयुक्त रूप से अपने सम्बोधन के दौरान कहा कि हमारा उद्देश्य इस व्यवसायिक यात्रा से प्रदेश में उद्योग-व्यापार की संभावना को तलाशना है। वियतनाम भारत के लिए एक महत्वपूर्ण और व्यापारिक निवेश भागीदार है। दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश संबंधों को और मजबूत करने के लिए कई अवसर मौजूद हैं खासकर कृषि, आईटी, टेक्सटाइल, स्पाईस, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक गुड्स जैसे क्षेत्रों में। हमारे प्रदेश से वियतनाम में एक्सपोर्ट की वर्तमान संभावनाओं की हम गहरी समीक्षा करेंगे ताकि हमारे प्रदेश के उद्यमी लाभान्वित हो सकें।

पूर्व अध्यक्ष पवन शर्मा ने चैंबर की इस व्यवसायिक यात्रा को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि राज्य में व्यापार-उद्योग की संभावनाओं को गति देने के उद्देश्य से चैंबर द्वारा वर्षों से विभिन्न देशों की व्यवसायिक यात्रा की जाती रही है। विदेशों में स्थानीय सरकार द्वारा झारखण्ड के उद्यमी-व्यापारियों के साथ किये गये आतिथ्य सत्कार को अभूतपूर्व बताते हुए उन्होंने कहा कि यदि राज्य सरकार हमें आवश्यक सहयोग करे, तब निश्चित ही राज्य में उद्योग, व्यापार, निवेश और रोजगार सृजन के प्रयासों को गति मिलेगी।

प्रेस वार्ता में चैंबर अध्यक्ष परेश गट्टानी, सह सचिव विकास विजयवर्गीय, नवजोत अलंग, कोषाध्यक्ष रोहित अग्रवाल, कार्यकारिणी सदस्य रोहित पोद्दार, शैलेष अग्रवाल, आस्था किरण, पूर्व अध्यक्ष पवन शर्मा, सदस्य मनोज मिश्रा, निरंजन शर्मा, अरूण भरतीया, चंद्रप्रकाश ढेलिया, संजय अग्रवाल, विशाल वधवानी, सुमित कक्कड, ग्यारसी लाल गोयल मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *