केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय का किया शिलान्यास

खूंटी: जिले के बिरबांकी में 48 करोड़ की लागत से बनने वाला एकलव्य आदर्श विद्यालय की आधारशिला रविवार को केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने रखी। उनके साथ पूर्व सांसद कड़िया मुंडा, तमाड़ विधायक विकास सिंह मुंडा, उप विकास आयुक्त नीतीश कुमार सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी अनिकेत सचान समेत विभिन्न पंचायत प्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित थे।
मौके पर केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि पूरे देश मे एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के माध्यम से 3 लाख 50 हजार विद्यार्थी एक साथ छठवीं कक्षा से अपनी पढ़ाई की शुरुवात करेंगे। यहां शिक्षक भी विद्यालय परिसर में बने आवास में ही रहेंगे। अगले 18 माह में बिरबांकी का विद्यालय बनकर तैयार हो जाएगा। जिसमें नॉलेज आधारित शिक्षा के माध्यम से यह क्षेत्र रोशन होगा। इस विद्यालय में शिक्षा की ऐसी व्यवस्था होगी कि यहाँ के विद्यार्थी मैट्रिक और प्लस टू में पहुंचकर ही जेईई, मेडिकल और अन्य उच्च स्तरीय प्रतियोगिता परिक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन करेंगे।
पूर्व सांसद कड़िया मुंडा ने कहा कि बिरबांकी इलाके में 20-25 वर्ष पूर्व आना बहुत मुश्किल था। यहां के लोग शहरी गततिविधियों से दूर रहते हैं। लेकिन समय के साथ शिक्षा के क्षेत्र में  विकास होने से इस क्षेत्र का समुचित विकास होगा। कड़िया मुंडा ने कहा 50 वर्ष पूर्व मैंने यहां आवासीय विद्यालय बनाने का सपना देखा था। आज वही सपना एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के नाम से सार्थक होते दिख रहा है।
कार्यक्रम में उपस्थित तमाड़ विधायक ने उपस्थित ग्रामीण जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा ही एकमात्र रास्ता है जो क्षेत्र के अंधकार को भी दूर करता है। यह क्षेत्र पिछले 20 सालों से नक्सली गतिविधियों के लिए जाना जाता रहा इसलिए यहां विकास के कार्य अवरुद्ध रहे। अब परिस्थितियां बदली है। अब सबके सहयोग से विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा। शिक्षा के विकास से यहां के स्थानीय जनजातीय बच्चे समाज और देश का न रोशन करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *