113वीं ऐतिहासिक कांवड़ यात्रा के लिए संघ के सदस्यों ने पड़ाव स्थलों का किया मुआयना
प्रदीप विद्रोही,भागलपुर। पड़ाव संघ की ऐतिहासिक 113वीं कांवड़ यात्रा की तैयारी को लेकर गुरुवार को संघ की टीम ने सभी पड़ाव स्थलों का मुआयना किया। इस दौरान अध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह के नेतृत्व में संतोष चौधरी, गौतम चौधरी, पवन चौधरी, मदन आर्य, वरुण भारती, शंभूनाथ सेन सहित सात सदस्यों की टीम ने कांवरियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक बिंदुओं की बारीकी से समीक्षा की।
पड़ाव विवरण इस प्रकार है:
प्रथम पड़ाव: घोघा स्थित ब्रह्मचारी बाबा कुटी, जिसमें सांसद अजय मंडल द्वारा ठहराव, भोजन आदि की व्यवस्था की जाएगी।
द्वितीय पड़ाव: सन्हौला शिव मंदिर परिसर (व्यवस्था: जदयू नेता सुभानंद मुकेश)।
तृतीय पड़ाव: धोरैया प्रखंड कार्यालय परिसर।
चतुर्थ पड़ाव: पंजवारा कैनरा बैंक परिसर।
पंचम पड़ाव: झपनिया, बौंसी।
छठा पड़ाव: शिव पार्वती धाम परिसर।
सातवां पड़ाव: कुरमा कैंप।
आठवां पड़ाव: गोड्डा कैंप।
नवम पड़ाव: दर्शनिया कैंप।
सभी पड़ावों पर मंच, पेयजल, पंडाल, दूध-दही और सुरक्षा की व्यवस्था की जाएगी। सुरक्षा हेतु सभी संबंधित थानों को आवेदन सौंपा गया है। मुआयने के दौरान ग्रामीणों में भी विशेष उत्साह देखा गया, जो सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने को तत्पर हैं।
अन्य कार्यक्रम:
मीडिया प्रभारी गौतम चौधरी ने जानकारी दी कि 14 जुलाई को जागेश्वरनाथ महादेव मंदिर में रुद्राभिषेक व श्रृंगार पूजा तथा उत्तर वाहिनी गंगा तट, राजघाट पर भव्य गंगा महाआरती एवं भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा।
यात्रा विवरण:
कांवड़ यात्रा 16 जुलाई को उत्तर वाहिनी गंगा तट से जल भरकर प्रारंभ होगी और 21 जुलाई को बाबा बासुकीनाथ के दरबार में जलाभिषेक के साथ सम्पन्न होगी। इस यात्रा में लगभग तीन हजार श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। संघ द्वारा यात्रियों के लिए भोजन, नाश्ता, ठहराव व चिकित्सा आदि की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
पूरे मार्ग में प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा कीर्तन व भजन संध्या का भी आयोजन किया जाएगा, जिससे यात्रा में भक्तिभाव व उत्साह का संचार बना रहे।

