पूर्वी चंपारण में पुलिस मुठभेड़ में दो डकैत ढेर, पांच पकड़े गए; 3 जवान जख्मी

मोतिहारी (पूर्वी चंपारण)। भारत-नेपाल सीमा से सटे पूर्वी चंपारण जिले के घोड़ासहन थाना के पुरनहिया में पुलिस व डकैतों के बीच रविवार की देर रात हुई मुठभेड़ में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने दो डकैतों को मार गिराया है। वहीं, पांच को गिरफ्तार किया है। दोनों तरफ से करीब दो दर्जन राउंड गोलियां चली हैं। कई बम फोड़े गए हैं। मौके पर जैसे ही पुलिस पहुंची बदमाशों की ओर से फायरिंग शुरू कर दी गई। लगातार बम से हमला किया गया। हमले में तीन पुलिसकर्मी जख्मी हो गए। पुलिस अधिकारियों ने तत्काल बदमाशों को चेतावनी दी, लेकिन वो नहीं माने। जवाबी कार्रवाई में तीन बदमाशों को गोली लगी। उन्हें तत्काल नजदीक के अस्पताल ले जाया गया।
मौके पर विधि विज्ञान प्रयोगशाला की टीम व बम निरोधी दस्ते को बुलाया गया है। पुलिस ने मुठभेड़ स्थल से भारी मात्रा में देसी बम, बम बनाने का सामान, गैस सिलेंडर, कुल्हाड़ी, पाइप व डकैती की घटना में उपयोग में लाई जानेवाली अन्य कई चीजें बरामद की हैं।
पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्र के नेतृत्व में पुलिस की टीम मौके पर कैंप कर रही है। नेपाल पुलिस से संपर्क स्थापित कर इलाके में कांबिंग आपरेशन चलाया जा रहा है।
बताया गया है कि पुरनहिया में करीब ढाई दर्जन से अधिक की संख्या में डकैतों के जमा होने की सूचना पुलिस को मिली। पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्र ने तत्काल पुलिस के डकैती निरोधी दस्ते को अपर पुलिस अधीक्षक श्री राज व सिकरहना के पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में संबंधित स्थल पर भेजा।
नेपाल पुलिस को भी भेज गई मृत बदमाशों की तस्वीर
इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। बदमाशों की पहचान के लिए उनकी तस्वीर आसपास के थानों की पुलिस के अलावा नेपाल पुलिस को भी भेजी गई है। जख्मी बीएमपी के जवान बलराम कुमार, बिट्टू प्रसाद तथा शुभम कुमार का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। तीनों खतरे से बाहर हैं। उधर, घटना की सूचना मिलने के साथ चंपारण प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक जयंतकांत भी मौके पर पहुंचे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *