दिव्यांगों को ट्राईसाइकिल, व्हीलचेयर और ईयर मशीन वितरित – राजेश कच्छप ने कहा: समाज में दिव्यांग की सेवा सबसे बड़ा कार्य

गणादेश,रांची : समाज में शारीरिक और मानसिक रूप से दिव्यांग जनों को मुख्यधारा से जोड़ना चुनौतीपूर्ण है। इस दिशा में विशेष पहल आवश्यक है। दिव्यांग की सेवा से बढ़कर कोई सेवा नहीं है। ये बातें खिजरी विधायक एवं कांग्रेस विधायक दल के उपनेता राजेश कच्छप ने आज आरा पंचायत में उषा मार्टिन फाउंडेशन, टाटीसिलवे द्वारा आयोजित दिव्यांग सहायता कार्यक्रम में कही।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न गांवों के 25 दिव्यांगों को बैटरी ऑपरेटेड ट्राईसाइकिल, व्हीलचेयर, ईयर मशीन, स्मार्ट केन और बौद्धिक विकास के लिए एमआर किट वितरित की गई। कच्छप ने कहा कि उषा मार्टिन के माध्यम से ग्रामीणों को रोजगार और विकास के अवसर मिल रहे हैं, जिसका लाभ उठाकर समाज का समग्र विकास किया जा सकता है।

इस अवसर पर प्रखंड उपमुखिया वीणा देवी, आरा मुखिया नीता कच्छप, टाटी पूर्वी मुखिया कृष्णा पाहन और महिलौंग मुखिया संदीप तिर्की ने भी अपने विचार व्यक्त किए। फाउंडेशन ने दिव्यांगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए विकलांगता प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र और यूडीआईडी कार्ड बनवाए।

उषा मार्टिन फाउंडेशन के हेड डा. मयंक मुरारी ने कहा कि दिव्यांगों की सेवा और उनका सशक्तिकरण समाज सेवा का सर्वोच्च रूप है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *