घाटशिला क्षेत्र में लागू हुई आचार संहिता, 11 नवंबर को मतदान, 14 नवंबर को रिजल्ट
गणादेश,रांची : झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने कहा है कि भारत निर्वाचन आयोग ने 45-घाटशिला (अ.ज.जा) विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव की घोषणा कर दी है। इसके साथ ही क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है।
उन्होंने बताया कि उपचुनाव के लिए 11 नवंबर को मतदान और 14 नवंबर को मतगणना कराई जाएगी। आचार संहिता केवल घाटशिला विधानसभा क्षेत्र तक सीमित रहेगी।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि घाटशिला विधानसभा क्षेत्र में कुल 2,55,823 मतदाता हैं, जिनमें 1,24,899 पुरुष और 1,30,921 महिला मतदाता शामिल हैं। उपचुनाव के दौरान सभी मतदान केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से वेबकास्टिंग की जाएगी। इसके अलावा निर्वाचन क्षेत्र की सीमाओं पर चेकपोस्ट स्थापित कर सीसीटीवी निगरानी रखी जाएगी ताकि चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी हो सके।
उन्होंने बताया कि 1200 से अधिक मतदाताओं वाले मतदान केंद्रों का युक्तिकरण (रैशनलाइजेशन) किया गया है। इसके बाद अब 218 लोकेशन पर कुल 300 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
इस अवसर पर संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार समेत निर्वाचन कार्यालय के अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।



