सेवा में श्रद्धांजलि: सदानंद सिंह की पुण्यतिथि पर सफाईकर्मियों को मिला सम्मान का ‘सूखा राशन’
भागलपुर। सियासत में एक दौर ऐसा भी था, जब जनता की सेवा ही नेता की पहचान होती थी। उसी विरासत को आगे बढ़ाते हुए जदयू नेता और प्रदेश महासचिव ई. शुभानंद मुकेश ने पूर्व विधानसभा अध्यक्ष अपने पिता स्व. सदानंद सिंह की चौथी पुण्यतिथि पर एक अनोखे अंदाज में उन्हें श्रद्धांजलि दी।
जहां आमतौर पर पुण्यतिथियों पर माल्यार्पण और रस्मअदायगी होती है, वहीं आज कहलगांव नगर पंचायत के करीब 150 सफाईकर्मियों और सुपरवाइज़रों के बीच सूखा राशन का वितरण कर यह संदेश दिया गया कि सच्ची श्रद्धांजलि सेवा में है।
गौरतलब है कि 8 सितंबर, स्व. सिंह की पुण्यतिथि थी, लेकिन कार्यक्रम पूजा अर्चना, श्रद्धांजलि सभा में व्यस्तता तथा तकनीकी कारणों से उस दिन नहीं हो सका। बावजूद इसके, परिवार ने इस अवसर को एक ‘सेवा दिवस’ में तब्दील कर दिया।
कार्यक्रम में ई. शुभानंद मुकेश के साथ कई जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता भी मौजूद रहे – नीरज मंडल, पूर्व नपं अध्यक्ष व वार्ड पार्षद अरविंद कुमार सिंह, वार्ड प्रतिनिधि गुड्डू आज़ाद, विक्की यादव, सोनू जायसवाल, अखिलेश सिंह, अमित शुक्ला, आनंद गुप्ता, इमरान, मो हदिसा और नीतीश सहित दर्जनों लोगों की सक्रिय उपस्थिति ने कार्यक्रम को जनसरोकार से जोड़ा। उपस्थित लोगों ने कहा नेता वही जो ज़मीन पर हो और श्रद्धांजलि वही जो जनसेवा में हो। शुभानंद मुकेश का यह प्रयास उसी सोच का प्रतीक है।



