मतगणना को लेकर मतगणना कर्मियों को दिया गया प्रशिक्षण
खूंटी: जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त आर० रॉनिटा के निर्देश पर नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 अंतर्गत मतगणना कार्य की सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी प्रक्रिया सुनिश्चित करने हेतु मुख्यमंत्री उत्कृष्ट बालिका विद्यालय, खूँटी में मतगणना कर्मियों के लिए प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया गया।
विदित हो कि 23 फरवरी को खूँटी नगर पंचायत क्षेत्र में हुए मतदान के पश्चात 27 फरवरी को कृषि उत्पादन बाजार समिति परिसर में मतगणना कार्य संपन्न कराया जाएगा। इसी क्रम में प्रतिनियुक्त सभी मतगणना कर्मियों, यथा मतगणना सुपरवाइजर एवं मतगणना असिस्टेंट के लिए विस्तृत प्रशिक्षण आयोजित कर मास्टर ट्रेनर द्वारा चरणबद्ध एवं गहन जानकारी प्रदान की गई।
प्रशिक्षण के दौरान मतपत्रों की गणना की विधि, टेबल प्रबंधन, अभ्यर्थियों/एजेंटों की उपस्थिति में पारदर्शिता बनाए रखने, मतगणना प्रपत्रों का सही संधारण, राउंडवार परिणाम संकलन, तथा राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुपालन संबंधी बिंदुओं पर विशेष रूप से विस्तार से समझाया गया।
इस अवसर पर वरीय पदाधिकारी प्रशिक्षण कोषांग-सह-परियोजना निदेशक आईटीडीए श्री आलोक शिकारी कच्छप ने मतगणना कार्य को अत्यंत गंभीर, निष्पक्ष एवं विधिसम्मत ढंग से संपन्न कराने पर बल देते हुए कई महत्वपूर्ण जानकारियाँ साझा कीं। उन्होंने सभी कर्मियों को सजग, सतर्क एवं उत्तरदायी भूमिका निभाने का निर्देश दिया, ताकि मतगणना प्रक्रिया पूर्णतः शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित रूप से संपन्न हो सके।
प्रशिक्षण सत्र में उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने मतगणना कार्य को राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सफलतापूर्वक संपन्न कराने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।



