1300 रुपए का टिकट ब्लैक में 2500 में खरीदा, स्टेडियम गेट पर पुलिस बोली—“भागो, यह फ्रॉड टिकट है… चप्पल से मारेंगे!”
रांची: राजधानी रांची के जेएससीए स्टेडियम में भारत-दक्षिण अफ्रीका वनडे मैच के दौरान टिकट व्यवस्था में भारी अव्यवस्था और धोखाधड़ी देखने को मिली। टिकट काउंटर के बाहर एक दिन पहले से ही लंबी कतारें लगी थीं, लेकिन सीमित संख्या में टिकट बेचकर काउंटर बंद कर दिया गया। कई लोगों को ऑनलाइन टिकट बुकिंग में भी दिक्कतें आईं—पेमेंट कट गया, पर टिकट नहीं मिला। ऐसे में मजबूरी में कई दर्शकों को ब्लैक टिकट खरीदनी पड़ी।
गिरिडीह से आए मनोज कौशिक, राजेश जायसवाल और उनके साथ आए अन्य युवाओं ने बताया कि टिकट पाने के लिए वे दो दिन तक काउंटर पर इंतजार करते रहे, पर हाथ खाली रहा। बाद में उत्साह में मैच देखने और विराट कोहली को मैदान में देखने की इच्छा से उन्होंने 1300–1600 रुपए वाली टिकट 2500 रुपए में ब्लैक मार्केट से खरीदी। टिकट मिलने पर वे काफी खुश थे और जोश में स्टेडियम पहुंचे।
लेकिन गेट पर टिकट चेकिंग के दौरान उनकी उम्मीदें चकनाचूर हो गईं। टिकट स्कैन करते ही पुलिसकर्मियों ने तुरंत कहा—“यह फ्रॉड टिकट है… जल्दी भागो, नहीं तो चप्पल से पीट देंगे।” यह सुनकर युवक स्तब्ध रह गए। उन्होंने बताया कि टिकट बेचने वाले को उन्होंने ऑनलाइन पेमेंट किया था और उन्हें समझ ही नहीं आया कि टिकट असली थी या नकली, क्योंकि वे कभी ओरिजनल टिकट देख ही नहीं पाए थे।
युवाओं ने आरोप लगाया कि टिकट सिस्टम को लेकर जेएससीए की गंभीर लापरवाही है। उन्होंने मांग की कि ब्लैक मार्केटिंग करने वालों और फर्जी टिकट बेचने वाले गिरोह पर कड़ी कार्रवाई हो, ताकि भविष्य में किसी भी क्रिकेट प्रेमी को ऐसी ठगी का शिकार न होना पड़े।



