प्रभु यीशु मसीह के जन्मोत्सव पर गिरजाघरों में विशेष प्रार्थना सभाएं, आधी रात को गूंजे घंटे

रांची: प्रेम, दया और बलिदान के प्रतीक प्रभु यीशु मसीह के जन्मोत्सव के अवसर पर राजधानी रांची सहित राज्य के विभिन्न हिस्सों में गिरजाघरों में विशेष प्रार्थना सभाओं का आयोजन किया गया। बुधवार को सुबह से देर शाम तक श्रद्धालु गिरजाघरों में पहुंचकर प्रभु यीशु के जन्म की खुशी में प्रार्थना करते नजर आए। रात 12 बजे जैसे ही प्रभु यीशु मसीह के जन्म की घोषणा हुई, गिरजाघरों में घंटे-घड़ियाल गूंज उठे और आसपास आतिशबाजी के साथ उल्लास का माहौल बन गया।
ईसाई समुदाय बुधवार को क्रिसमस का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाएगा और एक-दूसरे को बधाइयां देगा। इस अवसर पर कई गिरजाघरों में प्रभु यीशु मसीह के जन्म की आकर्षक झांकियां सजाई गई हैं, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।
राजधानी रांची का मेन रोड क्षेत्र पिछले एक सप्ताह से क्रिसमस की रोशनी और रंग-बिरंगी सजावट से जगमगा रहा है। पुरुलिया रोड और मेन रोड स्थित चर्चों को सुंदर लाइटों और सजावटी वस्तुओं से सुसज्जित किया गया है। संत मैरी कैथेड्रल के फादर आनंद डेविड खलखो ने बताया कि इस वर्ष प्रभु यीशु का जन्मोत्सव जुबली वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है, जिससे लोगों में विशेष उत्साह है।
वहीं बहुबाजार स्थित संत पॉल कैथेड्रल सहित अन्य चर्चों में बच्चों को ध्यान में रखते हुए विशेष थीम पर सजावट की गई है। श्रद्धालु प्रभु यीशु के जन्मोत्सव को प्रेम, शांति और भाईचारे के संदेश के साथ मना रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *