रांची सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस अलर्ट, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे

रांची: राजधानी रांची स्थित सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद शुक्रवार को पुलिस-प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया। धमकी की सूचना मिलते ही कोर्ट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई और परिसर में आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सघन जांच शुरू कर दी गई।
कोर्ट परिसर के हर कोने में पुलिस की चहलकदमी बढ़ गई, जिससे वहां मौजूद अधिवक्ता, वादकारी और आम लोग भी सतर्क हो गए। पूरे परिसर को खंगाला गया और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। पुलिस द्वारा सभी सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की गहन जांच की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सिविल कोर्ट को यह धमकी ई-मेल के माध्यम से दी गई है। जिस ई-मेल आईडी से यह संदेश भेजा गया, उसी आईडी से बिहार के कैमूर सहित अन्य महत्वपूर्ण जिलों के संस्थानों को भी इसी तरह की धमकियां भेजे जाने की जानकारी मिली है।
फिलहाल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मामले की गंभीरता से जांच कर रही हैं। साइबर सेल को भी अलर्ट किया गया है ताकि ई-मेल भेजने वाले की पहचान जल्द से जल्द की जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *