राजधानी पटना में रामनवमी को लेकर विधि-व्यवस्था में कोताही नहीं होगी:डीएम

अनूप कुमार सिंह
पटना।डीएम शीर्षत कपिल अशोक व वरीय पुलिस अधीक्षक, राजीव मिश्रा ने कहा है कि रामनवमी महापर्व के अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा विधि-व्यवस्था संधारण के दृष्टिकोण से सभी प्रशासनिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। पदाधिकारियों को आदर्श आचार संहिता का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
सोववार को पटना जंक्शन स्थित महावीर मंदिर परिसर में इस विषय पर आयोजित एक बैठक में पदाधिकारियों, महावीर मंदिर न्यास समिति के पदाधिकारियों व अन्य को संबोधित कर रहे थे। डीएम व एसएसपी ने कहा कि पर्व के अवसर पर उत्कृष्ट विधि-व्यवस्था संधारण, सुचारू यातायात प्रबंधन व सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी पदाधिकारी इसके लिए सजग, तत्पर एवं प्रतिबद्ध रहेंगे।
विदित हो कि इस वर्ष रामनवमी का त्योहार 19 अप्रैल को मनाए जाने की सूचना है। बैठक में महावीर मंदिर न्यास बोर्ड के सचिव आचार्य किशोर कुणाल द्वारा आवश्यक व्यवस्था व तैयारियों पर प्रकाश डाला गया।
जिला प्रशासन, पुलिस एवं नगर निगम द्वारा नोडल पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गयी। जिला प्रशासन की तरफ से नगर दण्डाधिकारी, पटना पुलिस की तरफ से पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) तथा पटना नगर निगम के द्वारा कार्यपालक पदाधिकारी, नूतन राजधानी अंचल को नोडल पदाधिकारी नियुक्त किया गया। डीएम ने कहा कि ये सभी नोडल पदाधिकारी महावीर मंदिर न्यास समिति के पदाधिकारियों के साथ प्रशासनिक दृष्टिकोण से समन्वय सुनिश्चित करेंगे। वहीं सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरा करेंगे।
जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा प्रशासनिक दृष्टिकोण से हर तरह का प्रबंध किया जाएगा। सार्वजनिक स्थलों पर भीड़ नियंत्रण के सभी उपायों को ध्यान में रखकर दण्डाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। पुरूष एवं महिला श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग पंक्तियों में कतारबद्ध ढंग से दर्शन की व्यवस्था रहेगी। बैरिकेडिंग मजबूत रहेगा। मेडिकल कैम्प एवं अस्थायी नियंत्रण कक्ष स्थापित किया जाएगा। मे आई हेल्प यू काउण्टर भी क्रियाशील रहेगा। वीडियोग्राफी एवं सीसीटीवी से गतिविधियों पर नियंत्रण रखा जाएगा। शुद्ध पेयजल की समुचित व्यवस्था की जाएगी। वाटर एटीएम एवं वाटर टैंकर की व्यवस्था रहेगी। चलंत शौचालय की व्यवस्था की जाएगी।नगर निगम द्वारा स्वच्छता एवं प्रकाश की समुचित व्यवस्था रहेगी। डेडिकेटेड टीम 24X7 सक्रिय रहेगा।
डीएम ने कहा कि पटना जंक्शन के समीप मेट्रो का कार्य चल रहा है। रामनवमी पर्व के नजदीक विस्तृत ट्रैफिक प्लान पुलिस अधीक्षक, यातायात द्वारा सुनिश्चित की जाएगी तथा मीडिया के माध्यम से इसे प्रसारित किया जाएगा ताकि आम जनता को कोई असुविधा न हो।
डीएम व एसएसपी ने कहा कि रामनवमी के अवसर पर श्रद्धालुओं एवं दर्शनार्थियों के लिए प्रशासनिक दृष्टिकोण से उत्कृष्ट व्यवस्था रहेगी। सभी पदाधिकारी इसके लिए सजग एवं सक्रिय हैं।
इस बैठक में पुलिस अधीक्षक यातायात, नगर दण्डाधिकारी, महाप्रबंधक पेसू, कार्यपालक अभियंता भवन एवं पीएचईडी तथा अन्य भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *