खूंटी के युवाओं को मिला दुबई में रोजगार,उपायुक्त आर. रॉनिटा ने दिया नियुक्ति पत्र
खूंटी: झारखंड सरकार के कल्याण विभाग की महत्त्वाकांक्षी पहल के तहत प्रेझा फाउंडेशन द्वारा संचालित कल्याण गुरुकुल, तोरपा से प्रशिक्षण प्राप्त 55 युवाओं को दुबई की प्रतिष्ठित शोभा कंपनी में टाइल्स मेसन के पद पर नियुक्त किया गया है।

इन युवाओं को आज उपायुक्त श्रीमती आर. रॉनिटा द्वारा अपने कार्यालय कक्ष में नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।
बैच संख्या 81 एवं 82 के इन युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार मिलने से न केवल उनका आत्मबल बढ़ा है, बल्कि यह कल्याण विभाग एवं प्रेझा फाउंडेशन के निरंतर प्रयासों की सफलता को भी दर्शाता है।

इस अवसर पर उपायुक्त आर. रॉनिटा ने चयनित प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि “यह सफलता युवाओं की कड़ी मेहनत, लगन और कल्याण गुरुकुल में मिले गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण का परिणाम है। यह पल खूंटी के लिए गर्व का विषय है। हम चाहते हैं कि यहाँ के और भी युवा इस तरह के अवसरों का लाभ उठाएं और आत्मनिर्भर बनें।”
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त आलोक कुमार, आईटीडीए के परियोजना निदेशक श्री ए.एस. कच्छप, शोभा इंटरनेशनल दुबई के सुपरवाइज़र छोटू राम, प्राचार्य किशोर चंद्र मोहंती, ऑपरेशनल हेड रविश वासन, एसोसिएट एरिया मैनेजर चंदन कुमार, गौतम पांडेय एवं ट्रेनर मो. कलाम सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि प्रेझा फाउंडेशन, झारखंड सरकार के कल्याण विभाग की विशेष प्रयोजन इकाई के रूप में पिछले 14 वर्षों से कार्यरत है, और अब तक 40,000 से अधिक युवाओं को रोजगार उपलब्ध करा चुकी है। वर्तमान में राज्यभर में 27 कल्याण गुरुकुल, 8 एएनएम नर्सिंग कॉलेज और 1 आईटीआई कौशल कॉलेज का संचालन किया जा रहा है।



