नामकुम में 7.88 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ महिला समेत दो गिरफ्तार, 99,680 रुपये नकद और BMW बाइक जब्त

रांची: नामकुम थाना क्षेत्र के जोरार तेतरी टोली में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री के आरोप में एक महिला समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 7.88 ग्राम ब्राउन शुगर, 99,680 रुपये नकद और एक BMW बाइक बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 9 सितंबर को करीब एक बजे वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची को गुप्त सूचना मिली थी कि तेतरी टोली जोरार के पास एक महिला द्वारा अवैध रूप से ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक के नियंत्रण एवं वरीय पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय-प्रथम अमर कुमार पांडेय के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने जोरार तेतरी टोली स्थित महिला के घर पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मो. अमन अंसारी (24), निवासी कर्बला टैंक रोड, लोअर बाजार और ओलिप मुंडा (40), निवासी जोरार तेतरी टोली, नामकुम को पकड़ा। पुलिस के मुताबिक, एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत तलाशी लेने पर दोनों के पास से कुल 7.88 ग्राम ब्राउन शुगर और 99,680 रुपये नकद बरामद हुए। इसके अलावा JH01FN-6516 नंबर की BMW बाइक भी जब्त की गई।
पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान दोनों ने बरामद पदार्थ को ब्राउन शुगर बताते हुए इसकी बिक्री करने की बात स्वीकार की। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में नामकुम थाना कांड संख्या 256/26 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(ए), 21(बी), 22 और 29 के तहत जांच की जा रही है। छापेमारी टीम में नामकुम थाना प्रभारी रामनारायण सिंह समेत पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *