श्री राधा अष्टमी पर श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर में उमड़ी श्रद्धा,भजनों में खूब झूमे श्रद्धालु

रांची :परमहंस स्वामी सदानंद जी महाराज के पावन सानिध्य में श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा संचालित रांची के पुंदाग स्थित श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर में श्री राधा अष्टमी महोत्सव श्रद्धा एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। महोत्सव को लेकर सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। भक्तों ने भगवान श्रीकृष्ण एवं राधारानी के दिव्य दर्शन कर पूजा-अर्चना की और सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर श्रीराधा-कृष्ण का अलौकिक एवं मनमोहक श्रृंगार आकर्षक आभूषणों से किया गया। मंदिर के पुजारी अरविंद पांडे ने विधिवत पूजा-अर्चना कर भगवान को केसरिया खीर, पेड़ा, लड्डू, पंजीरी, फल एवं नारियल का भोग अर्पित किया। इसके बाद भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ। भजन गायिका रीता देवी ने अपने सुमधुर एवं भावपूर्ण भजनों से श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। भजनों पर श्रद्धालु झूमते और भगवान की भक्ति में लीन नजर आए।भजन-कीर्तन के उपरांत सामूहिक आरती का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने आरती में भाग लेकर भगवान श्री राधा-कृष्ण का आशीर्वाद प्राप्त किया। आरती के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। इस अवसर पर ट्रस्ट के उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल एवं प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने सभी श्रद्धालुओं को श्री राधा अष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए पर्व की धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि श्री राधा अष्टमी प्रेम, भक्ति, समर्पण और राधा-कृष्ण की आराधना का पावन पर्व है। राधारानी को श्रीकृष्ण की परम भक्त एवं प्रेम-भक्ति की प्रतीक माना जाता है। उन्होंने बताया कि श्री राधा अष्टमी महोत्सव के उपलक्ष्य में 20 सितंबर से 26 सितंबर तक सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का आयोजन श्री कृष्ण प्रणामी मंदिर परिसर में किया जाएगा। कथा में वृंदावन की सुप्रसिद्ध कथावाचक साध्वी गोपिका श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत कथा का रसपान कराएंगी। ट्रस्ट की ओर से श्रद्धालुओं से कथा में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त करने की अपील की गई है।पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर भजन, कीर्तन और जयकारों से भक्तिमय बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *