होली का त्यौहार खुशियां बांटने का संदेश देता है : अर्जुन मुंडा

रांची :सांसद संजय सेठ के आवास पर आज नमो होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ 31 ब्राह्मणों के शंखनाद से हुआ। इस कार्यक्रम में पदमश्री मुकुंद नायक ने होली के अवसर पर अपने गीतों की प्रस्तुति दी और लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया। वही संगीत से जुड़ी अन्य कई टोलियों ने भी होली के गीतों से सबको सराबोर कर दिया। कार्यक्रम में रांची शहरी व ग्रामीण क्षेत्र से भाजपा कार्यकर्ता, रांची बाजार के व्यवसाई व अन्य गणमान्य नागरिकों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और एक दूसरे को अबीर गुलाल लगाकर होली की बधाई और शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर कार्यक्रम में पधारे भारत सरकार के मंत्री और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि भारत के त्योहार अपनी संस्कृति और विरासत को संजोने के लिए होते हैं। होली उन्हीं त्योहारों में से एक है, जो हमें बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक की याद दिलाता है। होली का रंग हम सबके जीवन में खुशियां बिखेरता है। श्री मुंडा ने कहा कि सांसद संजय सेठ के द्वारा किया गया यह आयोजन, समाज को एक दूसरे से जोड़ने, एक दूसरे से मिलने जुलने का अवसर देने वाला है। इन्हीं त्योहारों के अवसर पर हम अपने गौरवशाली संस्कृति को याद करते हैं। वह समाज जो अपनी संस्कृति और विरासत को भूल जाता है, उसका उत्थान नहीं हो सकता। इसलिए यह आवश्यक है कि हम अपनी संस्कृति और विरासत को संजो कर रखें। होली का त्यौहार हमें अपनी संस्कृति, विरासत व आपसी मधुर संबंध और एक दूसरे के साथ खुशियां बांटने का संदेश देता है। मुझे विश्वास है कि हम सब मिलकर होली के इस अवसर पर समाज में सबके साथ मिलकर होली मनाएंगे। और एक नागरिक के रूप में देश के प्रति अपनी हर जिम्मेदारी निभाएंगे। श्री मुंडा ने कहा कि आजादी का अमृत काल चल रहा है और अमृत काल में हम आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में ऐसा काम करें कि जब हमारा देश आजादी की 100वीं वर्षगांठ बनाएं तो उस पीढ़ी को हमारे कर्मों पर गर्व हो। इस अवसर पर हटिया विधायक श्री नवीन जायसवाल, रांची विधायक श्री सी० पी० सिंह, कांके विधायक श्री समरी लाल, पूर्व राज्यसभा सांसद श्री अजय मारू, पवन मंत्री, पूर्व विधायक रामकुमार पाहन, डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय सहित कई जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी रही। वही भाजपा के प्रदेश महामंत्री श्री आदित्य साहू, प्रदेश मंत्री श्री सुबोध सिंह गुड्डू, प्रदेश प्रवक्ता अमित सिंह, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष आरती कुजूर, भाजपा महानगर अध्यक्ष केके गुप्ता भाजपा ग्रामीण जिला अध्यक्ष सुरेंद्र महतो, भाजपा युवा मोर्चा के महानगर अध्यक्ष रोमीत नारायण सिंह सहित 8000 से अधिक कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने इस कार्यक्रम में शिरकत की। सबके प्रति आभार प्रकट करते हुए सांसद ने कहा कि आज होली के अवसर पर आपने इस कार्यक्रम में आकर मुझे कृतार्थ किया है। मैं अपने देवतुल्य कार्यकर्ताओं, नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, व्यवसाई बंधुओं, मातृशक्ति और अपने सहयोगियों के प्रति धन्यवाद प्रकट करता हूं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *