रांची नगर निगम की मेयर और पार्षदों का हुआ शपथ ग्रहण समारोह,मेयर रोशनी खलखो और नीरज कुमार बने उप मेयर

रांची: समाहरणालय में गुरुवार को रांची नगर निगम में नव निर्वाचित मेयर और पर्षदों का शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। डीसी मंजुनाथ भजंत्री ने मेयर और सभी पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।इस अवसर पर उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए जनहित में कार्य करने की अपील की।
शपथ ग्रहण के बाद डिप्टी मेयर के चुनाव की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई। इस पद के लिए नीरज कुमार, नकुल तिर्की और परमजीत कुमार के नाम चर्चा में हैं। डिप्टी मेयर के निर्वाचन के बाद शाम तीन बजे रांची नगर निगम कार्यालय में मेयर और उप मेयर पदभार ग्रहण करेंगे। इसके साथ ही मेयर, उप मेयर और सभी पार्षदों की बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें आपसी परिचय और आगामी विकास कार्यों की रूपरेखा पर चर्चा होगी।
शपथ लेने के बाद मीडिया से बातचीत में मेयर रोशनी खलखो ने कहा कि उन्होंने पदभार ग्रहण से पहले बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा कि वे बिरसा मुंडा के आदर्शों से प्रेरणा लेकर कार्य करेंगी।
मेयर ने स्पष्ट किया कि उनकी प्राथमिकता रांची शहर को व्यवस्थित, स्वच्छ और आधुनिक बनाना है। उन्होंने कहा कि आम लोगों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना और रांची को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करना उनके कार्यकाल का मुख्य लक्ष्य होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *