नहीं मान रहे सुधाकर, अब बोले- नीतीश के पीएम बनने से अच्छा राष्ट्रपति शासन l

पटना : अपनी पार्टी राजद से कारण बताओ नोटिस और डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव द्वारा कई बार आगाह किए जाने के बावजूद पूर्व मंत्री सुधाकर सिंह के तेवर ढीले पड़ रहे है और वे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ आग उगलने वाले बयान देना जारी रखे हुए हैं।
अब राजद विधायक सुधाकर सिंह ने सोमवार को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर एक बार फिर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि 2005 में उनके सत्ता में आने के बाद से राज्य पिछड़ गया है। पटना में विधानमंडल के बजट सत्र की शुरुआत से मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के सत्ता में आने के बाद बिहार विकास के सभी पैमाने पर पिछड़ गया है। सुधाकर ने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में सरकार ठीक से नहीं चल रही है। सरकार न ही मंडी कानून बनाने के पक्ष में है। न हर खेत तक पानी पहुंचाने के पक्ष में है। न ही शिक्षा व्यवस्था को ठीक करना चाहती है। नीतीश कुमार केवल पद पर बने रहना चाहते हैं। उनके पास एकसूत्रीय एजेंडा है। सुधाकर सिंह ने कहा कि जदयू लोकतांत्रिक पार्टी नहीं है। तेजस्वी यादव बिहार के लिए उपयुक्त मुख्यमंत्री हैं।
देश में मोदी जी का विकल्प नहीं हो सकता
सुधाकर सिंह ने कहा कि देश में मोदी जी का विकल्प नहीं हो सकता। नीतीश कुमार के प्रधानमंत्री बनने से अच्छा है कि राष्ट्रपति शासन आ जाए। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार को सीएम पद से हटा देना चाहिए। तेजस्वी यादव हमारे लिए मुख्यमंत्री के दावेदार हैं। हमारा वोट हमेशा से उनके लिए रहा है। हालांकि, पार्टी के सदस्य तय करेंगे कि नीतीश कुमार का उत्तराधिकारी कौन होगा। सुधाकर सिंह ने कहा कि जदयू सत्तालोभियों का झुंड है।
बता दें कि राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह के बेटे और राजद विधायक सुधाकर सिंह को नीतीश कुमार के खिलाफ तीखे हमले के कारण कैबिनेट से पद से इस्तीफा देना पड़ा था। हालांकि, इसके बाद भी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ उनकी आक्रामकता खत्म नहीं हुई और उन्होंने अपनी बयानबाजी जारी रखी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *