बजरंग दल को बजरंग बली से जोड़ने की भाजपा की शातिर चाल : डॉ. अखिलेश

पटना : कर्नाटक विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान बजरंग दल और बजरंगबली को लेकर चल रही सियासत के बाद बिहार कांग्रेस अध्यक्ष व राज्यसभा सदस्य डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा कि भाजपा बेहद शातिर तरीके से बजरंग दल को बजरंग बली से जोड़ने की साजिश कर रही है। भाजपा की इस करनी से हनुमान का घोर अपमान हो रहा है।
उन्होंने कहा कि बजरंग दल की हरकतें गलत है। इसलिए उस पर प्रतिबंध जरूरी है, लेकिन भाजपा नेता कर्नाटक चुनाव प्रचार के दौरान जिस तरह बजरंग दल को बजरंग बली के नाम से जोड़ने की कोशिश कर रही है, वो न सिर्फ हनुमान का अपमान है, बल्कि भाजपा की शातिर चाल भी है।
डॉ. अखिलेश रविवार को सदाकत आश्रम में कांग्रेस सेवादल के संस्थापक एन.एस. हार्डिकर की 134वीं जयंती कार्यक्रम में बोल रहे थे।कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि आज ही के दिन वर्ष 1923 में उन्होंने कांग्रेस सेवादल की स्थापना की गई थी। सेवादल का क्या महत्व है, इसे ऐसे समझा जा सकता है कि स्वतंत्रता सेनानी और प्रथम प्रधानमंत्री भारत रत्न जवाहरलाल नेहरू को इसका अध्यक्ष बनाया गया।

उन्होंने कहा कि सेवादल निस्वार्थ सेवा का प्रतीक है, जिसके सदस्य खामोशी से तप, त्याग और बलिदान की गाथा लिखते रहे हैं। उनकी तपस्या हमारी पूंजी है। जयंती कार्यक्रम में पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कृपानाथ पाठक विशिष्ट अतिथि थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *