कीता रेलवे स्टेशन का नामकरण शहीद रघुनाथ महतो के नाम पर करने को लेकर सुदेश ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र

रांची : झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने कीता रेलवे स्टेशन का नामकरण शहीद रघुनाथ महतो के नाम पर करने को लेकर माननीय मुख्यमंत्री को एक पत्र लिखा है।

ज्ञात हो कि झारखंड की राजधानी रांची से 50 किलोमीटर दूर रांची-मुरी रेलखंड पर कीता रेलवे स्टेशन स्थित है। कीता चुआड़ विद्रोह के महानायक शहीद रघुनाथ महतो का शहादत स्थल है।

झारखण्ड के वीर सपूत एवं महान स्वतंत्रता सेनानी शहीद रघुनाथ महतो ने मानभूम से लेकर धालभूम नीमडीह, सिल्ली और जंगलमहल के इलाकों में अंग्रेजों के विरूद्ध लड़ाई का नेतृत्व किया था। जब झारखंड के नायकों की अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ विद्रोह की चर्चा होती है, तो इस सूची में 1769 का शहीद रघुनाथ महतो के नेतृत्व में चुआड़ विद्रोह का नाम प्रमुखता से आता है।

ज्ञात हो कि श्री सुदेश कुमार महतो ने पिछले वर्ष तत्कालीन केंद्रीय रेल मंत्री पीयूष गोयल से मुलाकात कर इस विषय पर उनका ध्यान आकृष्ट कराया था। तत्पश्चात रेल मंत्रालय की ओर से यह सूचना दी गयी कि राज्य सरकार इस बाबत प्रस्ताव भेजे, तो आवश्यक कदम उठाए जा सकते हैं।

पत्र में श्री सुदेश कुमार महतो ने माननीय मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि राज्य सरकार कीता रेलवे स्टेशन का नामकरण शहीद रघुनाथ महतो के नाम पर करने की अनुशंसा केंद्र को भेजे, ताकि शहादत, लोकहित और भावना से जुड़े इस विषय को मूर्त रूप मिले और झारखंडी वीर सपूत को पूरे भारत के लोग जान सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *