शिक्षा सम्मान समारोह का सफल आयोजन
रांची: शिक्षा सम्मान समारोह” का आयोजन अत्यंत श्रद्धा, उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के बीच शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना, संस्कारों का संवर्धन करना तथा प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करना था।
कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ कर राष्ट्र, समाज एवं विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की।
कार्यक्रम के अंतर्गत 150 बच्चों के बीच नोटबुक सेट एवं श्रीमद्भगवद्गीता का वितरण किया गया। साथ ही क्षेत्र के सफल एवं प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से अजय कुमार, अर्जुन राम, आरती सिंह, रूपम झा, शुचिता सिंह तथा महिमा कुमारी मंच पर उपस्थित रहीं।
अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र निर्माण का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने बच्चों को अनुशासन, संस्कार एवं भारतीय संस्कृति के आदर्शों के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। वक्ताओं ने कहा कि आधुनिक शिक्षा के साथ आध्यात्मिक एवं नैतिक मूल्यों का ज्ञान भी आवश्यक है, इसी उद्देश्य से बच्चों के बीच भगवद्गीता का वितरण किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं अभिभावकों में विशेष उत्साह देखा गया। उपस्थित अतिथियों ने हिन्दू युवा संघ के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे समाजहित में महत्वपूर्ण पहल बताया।
कार्यक्रम का समापन “भारत माता की जय” एवं “जय श्री राम” के उद्घोष के साथ हुआ।



