कोल्हान विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में राज्यपाल बोले, ज्ञान ही है सबसे महत्वपूर्ण पूंजी

रांचीः राज्यपाल रमेश बैस ने कहा है कि ज्ञान ही सबसे महत्वपूर्ण पूंजी है। सदैव कुछ न कुछ नया जानने और सीखने वाला व्यक्ति ही इस दौर की चुनौतियों का सामना कर सकेगा। राज्यपाल शुक्रवार को कोल्हाल विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों से कहा कि प्रतियोगिता के इस युग में अपनी प्रतिभा से आपको उत्कृष्टता हासिल करनी होगी। शिक्षा का लक्ष्य मात्र उपाधि प्राप्ति तक सीमित नहीं है या केवल धन प्राप्ति का जरिया भी नहीं है। शिक्षा मनुष्य को चरित्रवान बनाने के साथ-साथ उत्तम नागरिक भी बनाने का कारगर साधन है। शिक्षा सीमित अर्थ में बेहतर जीवन की तैयारी है और बड़े अर्थ में कहा जाए तो, यह जीवन का परम उद्देश्य है। नैतिकता तथा अन्य चारित्रिक गुणों को आत्मसात करना भी शिक्षा का ही अनिवार्य अंग है। जिज्ञासा, उत्साह और सतर्कता के साथ अपने ज्ञान, कौशल और बुद्धि का सदैव विकास करने वाले व्यक्ति के लिए आज अपार अवसर भी उपलब्ध हैं। केवल अपने कौशल के बल पर आधुनिक टेक्नॉलॉजी के जरिए अनेक भारतीय युवाओं ने विश्वस्तरीय सफलताएं अर्जित की हैं। शिक्षा राष्ट्र के आर्थिक-सामाजिक विकास का शक्तिशाली साधन है। ज्ञान से ही वास्तविक सशक्तीकरण आता है। यदि हमारे देश को उच्च विकास के पथ पर आगे बढ़ना है तो उच्च शैक्षणिक मानकों को प्राप्त करने का निरंतर प्रयास बहुत जरूरी है।
उच्च शिक्षा की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने की जरूरत
राज्यपाल ने कहा कि वैश्वीकरण के इस युग में उच्च शिक्षा की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। विद्यार्थियों को हर हाल में गुणवत्तायुक्त शिक्षा प्रदान करने के लिए विश्वविद्यालय प्रतिबद्ध रहे तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ कौशल विकास पर भी जोर देना बहुत जरूरी है। विद्यार्थी विभिन्न प्रतिस्पर्धा में सफलता हासिल करें, इसके लिए विश्वविद्यालय को प्रतिबद्ध होकर कार्य करना जरूरी है। विश्वविद्यालय में शोध के महत्व को समझते हुए इसके स्तर को उच्च करने का हर संभव प्रयास करना चाहिये, शोध में हमारे विद्यार्थियों में निहित इनोवेटिव आईडिया दिखना चाहिये ताकि समाज को उसका लाभ पहुँचे। किसी विश्‍वविद्यालय की स्‍थापना और संचालन में पूरे समाज का योगदान होता है। इसलिए, विश्‍वविद्यालयों को भी चाहिए कि वे पूरे समाज के प्रति अपनी जिम्‍मेदारी निभाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *