बाबूलाल मरांडी को प्रदेश भाजपा की कमान देने पर जेएमएम,राजद,जेडीयू ने कहा-भाजपा ने अपने ताबूत में अंतिम कील ठोकने का किया है काम

रांची: झारखंड में भाजपा ने 24 की लड़ाई को आसानी से फतह करने के लिए आदिवासी चेहरा बाबूलाल मरांडी को प्रदेश की कमान दिया है। उनके अध्यक्ष बनने पर एक ओर जहां भाजपा में खुशी है,वहीं विपक्षी खेमे में आक्रोश है।


राजद,जेडीयू और झामुमो ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा है कि जिसने झारखंड को डोमिसाइल मुद्दे पर जलाने का काम किया था,उसी व्यक्ति को भाजपा ने प्रदेश की कमान देने का काम किया है। बाबूलाल मरांडी जब अपनी पूर्व की पार्टी झाविमो नहीं चला पाए तो भाजपा क्या चला पायेंगे। झारखंड में अब बाबूलाल मरांडी का जनाधार नहीं रहा। जनता भाजपा को फिर से सत्ता में बैठने वाली नहीं है।
प्रदेश राजद खटाल प्रकोष्ठ के अध्यक्ष गौरीशंकर यादव ने कहा कि चुनाव के समय आदिवासियों का वोट लेने के लिए बाबूलाल मरांडी को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बनाया गया है। इससे भाजपा को किसी भी तरह का लाभ मिलने वाला नहीं है। भाजपा के मुंह से लार टपकाता रह जायेगा। लेकिन कुछ पूरा होने वाला नहीं है। झारखंड ही नहीं देश की सत्ता भी अब मिलने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि बाबूलाल मरांडी ने 2002 में डोमिसाइल के मुद्दे पर पूरे झारखंड में आग लगाने का काम किया था। झारखंड की जनता को वह दिन याद है।
वहीं प्रदेश जेडीयू नेता मो. फैज अहमद ने कहा कि लोकसभा चुनाव को दिखते हुए भाजपा ने यह कदम उठाया है। लेकिन,इससे भाजपा को कोई लाभ मिलने वाला नहीं है। पीएम मोदी को झारखंड की जनता बर्दास्त नहीं करेगी। केंद्र की भाजपा सरकार से जनता त्रस्त है। लगातार बढ़ती महंगाई पर बेरोजगारी से जनता परेशान है और परिवर्तन चाह रही है। भाजपा के नेता हवा हवाई की तरह बातें करते हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र में सीएम नीतीश कुमार की अगुवाई में गठबंधन की सरकार बनने जा रही है।
झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय महासचिव बिनोद पाण्डेय ने कहा कि भाजपा ने बाबूलाल मरांडी को प्रदेश अध्यक्ष बनाकर अपने ताबूत में अंतिम कील ठोकने का काम किया है। श्री पाण्डेय ने कहा कि झारखंड में झामुमो प्रमुख शिबू सोरेन से बड़ा आदिवासी चेहरा नहीं है। यहां के आदिवासियों के दिलों में गुरु जी रहते हैं। झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन के नेतृत्व में चल रही गठबंधन की सरकार में जनता खुश है। विकास योजना उन तक पहुंच रही है। यहां की जनता लोकसभा और विधानसभा चुनाव में अब भाजपा को बाय बाय करने वाली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *