मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार के लिए चयनित पंचायतों का सत्यापन, राज्य स्तरीय टीम ने किया दौरा

खूंटी : मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार के तहत उत्कृष्ट पंचायत के चयन के लिए राज्य स्तरीय दल ने मंगलवार को खूंटी जिले के विभिन्न पंचायतों का दौरा कर सत्यापन किया। इस क्रम में पंचायती राज विभाग के पदाधिकारी सुधीर पाल के नेतृत्व में टीम ने खूंटी प्रखंड के तिरला पंचायत का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान पंचायत भवन, शौचालय, ज्ञान केंद्र, विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र की स्थिति का जायजा लिया गया। साथ ही पंचायत में संधारित सभी प्रकार के रजिस्टर, स्थायी समिति रजिस्टर सहित अन्य अभिलेखों का भी गहन सत्यापन किया गया। इस मौके पर जिला पंचायत राज पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी खूंटी, जिला परियोजना प्रबंधक, जिला समन्वयक, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के जिला समन्वयक, बीपीआरओ, प्रखंड समन्वयक, जेई, वीएलई, मुखिया, पंचायत सचिव, ग्राम प्रधान एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

इसी क्रम में राज्य स्तरीय टीम ने कर्रा प्रखंड के कुदलुम पंचायत का भी निरीक्षण किया। यहां भी पंचायत की आधारभूत संरचनाओं और अभिलेखों की विस्तृत जांच की गई। निरीक्षण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी कर्रा, जिला परियोजना प्रबंधक, जिला समन्वयक, बीपीआरओ, प्रखंड समन्वयक, मुखिया, पंचायत सचिव, ग्राम प्रधान, मोबिलाइजर तथा स्कीपा से प्रशिक्षण पदाधिकारी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

राज्य स्तरीय टीम द्वारा किए गए इस सत्यापन के आधार पर उत्कृष्ट पंचायत का चयन किया जाएगा, जिसे मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *