दक्षिण अफ्रीका के अधिकारियों को पसंद आए ‘मेड इन बिहार’ उत्पाद

पटना: खादी मॉल में दक्षिण अफ्रीका के अधिकारियों के प्रतिनिधि मंडल का आगमन हुआ। दक्षिण अफ्रीका के अधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल में मौजूद दक्षिण अफ्रीकी सरकार के डीडीजी पीटर नेशटीपाले, कार्यवाहक मुख्य निदेशक सामाजिक सहायता डॉ॰मॉरीन मोगोत्सी, सार्वजनिक वित्त निदेशक पेबेटसे मलेका, निकास कार्यकारी प्रबंधक प्रशासन अनुदान ब्रेटॉन वान व्रेदे, बोर्ड अध्यक्ष नोज़ाबेलो रूथ भेंगू,
फिनमार्क ट्रस्ट की दक्षिण अफ़्रीका वित्तीय समावेशन कार्यक्रम की प्रमुख लेसेगो माशिगो, फिनमार्क ट्रस्ट की राष्ट्रीय कार्यक्रम प्रबंधक लुंगिसानी लाडला का स्वागत बिहार खादी की स्मारिका भेंट देकर किया गया। प्रतिनिधि मंडल के सदस्यों ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर खादी मॉल का भ्रमण किया व बिहार के कलाकारों द्वारा बनाई गयी कलाकृतियों को देखा।
भागलपुर, मधुबनी, बक्सर, गया, नालंदा सहित प्रदेश की विभिन्न जिलों में उत्पादित कलाकृतियों को देखकर सभी मंत्रमुग्ध हुए। भागलपुर के सिल्क के उत्पाद एवं मधुबनी की खादी के उत्पाद अधिकारियों को काफी पसंद आए जिनकी खरीदारी कर वह अपने साथ अफ़्रीका ले गए।
खरीदारी से प्रभावित होकर अधिकारियों ने कहा कि महात्मा गांधी के अफ्रीका में शुरू किए गए आंदोलन से दुनिया में भारत की तस्वीर बदली है। बापू भारत के साथ-साथ दक्षिण अफ्रीका में भी आदरणीय एवं पूजनीय हैं।
खादी मॉल के निर्माण से बिहार राज्य खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड,पटना और उद्योग विभाग ने बापू के स्वदेशी और आत्मनिर्भर विचार को जीवंत रखने का सराहनीय कार्य किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *