इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश के पालन की मांग, सोमा उराँव ने जताई चिंता

गणादेश,रांची: जनजाति सुरक्षा मंच झारखंड प्रदेश के मीडिया प्रभारी एवं झारखंड प्रदेश मुखिया संघ के अध्यक्ष सोमा उराँव ने प्रेस बयान जारी कर इलाहाबाद उच्च न्यायालय के हालिया आदेश को पूरे देश, विशेषकर झारखंड में तत्काल लागू करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि अदालत के इस निर्णय से अनुसूचित जाति और जनजाति के आरक्षण की वास्तविक सुरक्षा सुनिश्चित हो सकेगी।

सोमा उराँव ने दावा किया कि झारखंड में बड़ी संख्या में हिंदू समुदाय के लोग धर्म परिवर्तन कर ईसाई बनने के बाद भी एससी–एसटी आरक्षण का लाभ उठा रहे हैं, जिससे मूल जनजातीय समाज के अधिकार प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस पर तत्काल रोक आवश्यक है ताकि आरक्षण का लाभ सही पात्रों तक पहुंच सके।

उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि इससे पहले आंध्र प्रदेश हाईकोर्ट के सी सिल्वा रानी मामले और मद्रास हाईकोर्ट के केपी मनु मामले में भी इसी तरह के निर्णय दिए जा चुके हैं। अब इलाहाबाद उच्च न्यायालय के आदेश को लागू करने के लिए कैबिनेट सचिव, भारत सरकार को निर्देश जारी किए गए हैं।

सोमा उराँव ने महामहिम राज्यपाल से आग्रह किया कि इस आदेश का पालन झारखंड में शीघ्र सुनिश्चित कराया जाए, ताकि एससी–एसटी समुदायों के अधिकारों और उनके सर्वांगीण विकास की रक्षा हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *