चुनाव से पहले सुरक्षा का ब्लूप्रिंट तैयार, भागलपुर में अधिकारियों की अहम बैठक
भागलपुर। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की हलचल धीरे-धीरे तेज़ हो रही है, और प्रशासन ने इसकी तैयारी भी युद्धस्तर पर शुरू कर दी है। इसी क्रम में सोमवार को भागलपुर के जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन पदाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने अपने कार्यालय में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक की। मकसद था – चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न कराना।
बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक हृदय कांत, नगर पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा, सहायक समाहर्ता जतिन कुमार समेत जिले के सभी पुलिस उपाधीक्षक मौजूद थे। वहीं नवगछिया की पुलिस अधीक्षक भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल रहीं।
बैठक में बूथों के अनुसार फोर्स की तैनाती को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। डीएम ने स्पष्ट किया कि हर मतदान केंद्र की प्रकृति के अनुसार सुरक्षा बलों की संख्या तय होगी। एक बूथ वाले भवन में 1-4 का बल, दो बूथों पर 1-6 और तीन बूथों पर 2-8 का फोर्स रहेगा। संवेदनशील बूथों की पहचान कर ‘स्टार मार्किंग’ की जाएगी, ताकि वहां केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल की तैनाती की जा सके। इसके अतिरिक्त, होम गार्ड, जिला पुलिस बल, क्यूआरटी, ट्रैफिक पुलिस, और थानों की भूमिका को भी स्पष्ट किया गया।
चाहे वह वाहन कोषांग हो, कंट्रोल रूम, विधि व्यवस्था या फिर ट्रैफिक प्रबंधन अपनी-अपनी कार्य योजना समय पर तैयार करें। यह भी तय हुआ कि उम्मीदवारों की सुरक्षा के लिए जो बॉडीगार्ड लगाए जाएंगे, उनकी व्यवस्था भी चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप की जाएगी।
बैठक में मौजूद अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि किसी भी स्थिति में सुरक्षा व्यवस्था में कोई कोताही न बरती जाए। डीएम ने स्पष्ट कहा कि योजना वक्त से पहले तैयार होनी चाहिए, ताकि अमल में कोई दिक्कत न आए।



