पहड़ा राजा सोमा मुंडा हत्याकांड का खुलासा, सात अभियुक्त गिरफ्तार, मुख्य शूटर अब भी फरार
खूंटी: जिले में हाल के दिनों में चर्चित पहड़ा राजा सोमा मुंडा हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मंगलवार को पुलिस अधीक्षक मनीष टोप्पो ने प्रेस वार्ता में बताया कि 7 जनवरी की संध्या खूंटी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जमुवादाग तालाब के समीप एदेल संगा पड़हा राजा सोमा मुंडा की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस संबंध में खूंटी थाना कांड संख्या 03/26 8 जनवरी धारा 103(1)/61(2)/3(5) बीएनएस 2023 एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसआईटी का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कांड में संलिप्त सात अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। इनमें बाहा मुंडा, देवा पाहन, अनिश मुंडा उर्फ सुकरा, रविया पाहन उर्फ रवि, रमेश्वर संगा उर्फ रमेश—सभी ग्राम जियारप्पा, पंकज कुमार शर्मा उर्फ पंडित, ग्राम बिकुवादाग (जिला खूंटी) तथा देवव्रत नाथ शाहदेव, पता—पालकोट हाउस, किशोरगंज, रांची शामिल हैं। छापेमारी के दौरान आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पूछताछ में सभी ने अपना अपराध स्वीकार किया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त देवव्रत नाथ शाहदेव के कहने पर स्थानीय आरोपियों ने नवंबर-दिसंबर में विवादित जमीन पर कार्य शुरू कराया था। फुटबॉल मैदान बनाने के बहाने जमीन की समतलीकरण के दौरान पूर्व से लगे पत्थलगड़ी को जानबूझकर हटाया गया, ताकि जमीन पर कब्जा किया जा सके। इसके विरोध में आसपास के ग्रामीणों ने सोमा मुंडा के नेतृत्व में ग्राम सभा बुलाकर 3 जनवरी को पुनः पत्थलगड़ी कराई थी। इसी से आक्रोशित होकर आरोपियों ने मौका पाकर सोमा मुंडा की हत्या की साजिश रची और उसे अंजाम दिया।
पुलिस ने बताया कि कांड में शामिल अन्य अभियुक्तों, विशेषकर मुख्य शूटर, की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही सभी दोषियों को कानून के शिकंजे में लाया जाएगा।



