1 से 7 अक्टूबर तक मोराबादी में सजेगा एक्सपो उत्सव, जेसीआई ने किया पोस्टर लॉन्च
रांची : राजधानी रांची के मोराबादी मैदान में 1 से 7 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले ‘एक्सपो उत्सव 2026’ की तैयारियां जोर पकड़ने लगी हैं। युवा सामाजिक एवं व्यापारिक संगठन जेसीआई रांची की ओर से आयोजित इस सात दिवसीय व्यापार मेले को लेकर बुधवार को जेसीआई कार्यालय में पोस्टर लॉन्च किया गया। एक्सपो का यह 29वां संस्करण है।
पोस्टर लॉन्च के बाद इसे शहर के प्रमुख प्रतिष्ठानों, स्कूलों, मंदिरों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर लगाया जाएगा। इसके माध्यम से आम लोगों को एक्सपो की गतिविधियों, स्टॉल और विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी दी जाएगी। इस बार आयोजन में डिजिटल सुविधा पर भी विशेष जोर दिया गया है। लोग क्यूआर कोड के माध्यम से प्रवेश टिकट बुक करने के साथ-साथ एक्सपो में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं और कार्यक्रमों के लिए भी रजिस्ट्रेशन कर सकेंगे।
एक्सपो के चीफ कोऑर्डिनेटर जेसी एचजीएफ सीए प्रशांत पाटोदिया ने बताया कि सात दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में देश के विभिन्न शहरों से करीब 400 स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें प्रमुख ब्रांड, स्टार्टअप, ऑटोमोबाइल और विभिन्न व्यवसायिक उत्पादों से जुड़े स्टॉल शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि एक्सपो परिसर में हर दिन अलग-अलग प्रतियोगिताएं और मनोरंजक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें जूनियर मास्टरशेफ, चित्रकला, ट्रेजर हंट, तंबोला, डॉग शो, वॉयस ऑफ एक्सपो, एक्सपो टैंक, डांस और योग प्रतियोगिता प्रमुख हैं।
‘एक्सपो उत्सव 2026’ के प्रिंसिपल स्पॉन्सर पंचरत्न स्काईलाइन हैं, जबकि टैंगो, अल्पाइन और गृहस्थी पावर्ड बाय पार्टनर हैं। आयोजन में हॉस्पिटैलिटी, एजुकेशन, ऑटोमोबाइल, ज्वेलरी, फूड, सिक्योरिटी, फोटोग्राफी, ट्रैवल, ग्रोसरी और रेडियो सहित विभिन्न क्षेत्रों के कई प्रमुख ब्रांड पार्टनर के रूप में जुड़े हैं।
पोस्टर लॉन्च कार्यक्रम में एक्सपो के संयोजक जेसी तपिश केडिया और जेसी राहुल राजगारिया, जेसीआई अध्यक्ष सीए अभिषेक जैन, जेसीरेट चेयरपर्सन खुशबु सिंघानिया, सिद्धार्थ जैस्वाल, तरुण अग्रवाल और प्रवीण अग्रवाल सहित संस्था के कई सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम की जानकारी एक्सपो के मीडिया प्रभारी जेसी वरुण जालान ने दी।


