असम में आदिवासी समुदाय की स्थिति के अध्ययन हेतु झामुमो की समिति गठित, जल्द असम का दौरा

रांची : असम राज्य में आदिवासी समुदाय की सांस्कृतिक, सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति के अध्ययन तथा उनके हितों की रक्षा के उद्देश्य से पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष हेमंत सोरेन के निर्देश पर एक विशेष समिति का गठन किया गया है। यह समिति असम जाकर वहां निवासरत आदिवासी समाज की वास्तविक परिस्थितियों का भौतिक अध्ययन करेगी और अपनी विस्तृत रिपोर्ट केंद्रीय अध्यक्ष को सौंपेगी।
समिति में विजय हांसदा (सांसद, राजमहल), चमरा लिण्डा (मंत्री, झारखंड सरकार), भुषन तिर्की (विधायक, गुमला) और मो. ताजुद्दीन ‘राजा’ (विधायक, राजमहल) को शामिल किया गया है। सभी सदस्य पार्टी की केंद्रीय कार्यकारिणी के सदस्य भी हैं।
समिति को निर्देश दिया गया है कि वह आगामी 10 दिनों के भीतर असम राज्य का दौरा करे और वहां के आदिवासी समुदाय की सांस्कृतिक, सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति का गहन निरीक्षण कर एक लिखित प्रतिवेदन तैयार करे। यह प्रतिवेदन केंद्रीय अध्यक्ष को समर्पित किया जाएगा।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य असम में रह रहे आदिवासी समाज की समस्याओं, चुनौतियों और जरूरतों को नजदीक से समझना है, ताकि उनके अधिकारों की रक्षा और कल्याण के लिए ठोस कदम उठाए जा सकें। समिति की रिपोर्ट के आधार पर आगे की रणनीति तय की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *