सहिया दीदियाँ एवं सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ : आर. रॉनिटा

खूंटी : खूँटी में जिला स्तरीय सहिया सम्मेलन एवं सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी सम्मान समारोह-सह-विश्व यक्ष्मा दिवस कार्यक्रम 2026” का भव्य आयोजन नगर भवन में किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन जिला स्वास्थ्य समिति, खूँटी द्वारा किया गया, जिसका शुभारंभ उपायुक्त आर. रॉनिटा ने दीप प्रज्वलित कर किया।

कार्यक्रम की शुरुआत में असैनिक शल्य चिकित्सक-सह-मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी ने स्वागत भाषण देते हुए अतिथियों एवं प्रतिभागियों का अभिनंदन किया तथा कार्यक्रम के उद्देश्यों की जानकारी दी।

अपने संबोधन में उपायुक्त ने कहा कि सहिया दीदियाँ एवं सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ हैं। उनके समर्पण और सक्रिय योगदान से स्वास्थ्य सेवाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुँच रही हैं। उन्होंने स्वास्थ्य योजनाओं के सफल क्रियान्वयन में सहिया दीदियों की महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की।

विश्व यक्ष्मा दिवस के अवसर पर उपायुक्त ने टीबी उन्मूलन के लिए जनजागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि टीबी जैसी संक्रामक बीमारी को खत्म करने के लिए समय पर लक्षणों की पहचान, मरीजों की जांच और पूर्ण उपचार आवश्यक है। “टीबी हारेगा, देश जीतेगा” के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी है।

उन्होंने आगे कहा कि जनसहभागिता, नियमित मॉनिटरिंग और स्वास्थ्य कर्मियों के समन्वय से ही टीबी मुक्त समाज का निर्माण संभव है। साथ ही सहिया दीदियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और संवेदनशीलता के साथ करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले सहिया, सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी एवं अन्य कर्मियों को सम्मानित किया गया। इसके अलावा गर्भवती महिलाओं का शत-प्रतिशत एएनसी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि स्वस्थ बच्चों का जन्म हो सके।

इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सा कर्मी, जिला यक्ष्मा पदाधिकारी, डीपीएम, डीपीसी, WHO कंसल्टेंट तथा सहिया दीदियाँ उपस्थित रहीं। सभी ने मिलकर टीबी मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *