ग्रामीण क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से अलग नहीं किया जा सकता: अरुण साबू

एक्सआईएसएस में विद्यार्थियों को वित्तीय साक्षरता व सीएनटी एक्ट की दी गई जानकारी

रांची: राजधानी स्थित एक्सआईएसएस में मार्केटिंग सेल्स एवं रूरल मैनेजमेंट कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए वित्तीय साक्षरता, कानूनी जागरूकता तथा सीएनटी एक्ट से संबंधित विशेष सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को ग्रामीण अर्थव्यवस्था, व्यापारिक संभावनाओं और कानून की व्यावहारिक जानकारी से अवगत कराना था।


कार्यक्रम में खूंटी जिला चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष प्रियंक भगत, अरुण कुमार साबू, ज्योति तथा दिलीप ने भाग लिया। एक्सपोज़र विज़िट के दौरान प्रतिनिधियों ने गांवों में रोजगार सृजन, आय के स्रोत और व्यापार विस्तार की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की।
अरुण कुमार साबू ने कहा कि गांव और शहर की अर्थव्यवस्था एक-दूसरे से जुड़ी हुई है, इसलिए ग्रामीण क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से अलग नहीं किया जा सकता। वहीं प्रियंक भगत ने बताया कि गांवों में व्यापार के दौरान कई चुनौतियां आती हैं, लेकिन सामूहिक प्रयास और सही रणनीति से उन्हें दूर किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि आज ग्रामीण बाजार तेजी से विकसित हो रहे हैं।
ज्योति और दिलीप ने अपने अनुभव साझा करते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में व्यवसाय स्थापित करने की चुनौतियों और उनके समाधान की जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और प्रश्नोत्तर सत्र में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की। अंत में श्रीमती मुरारका ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *