विधानसभा मॉनसून सत्र की तैयारियों को लेकर स्पीकर की अध्यक्षता में सर्वदलीय बैठक, सदन के सुचारू संचालन पर बनी सहमति
गणादेश,रांची: 6 अगस्त से शुरू होने वाले झारखंड विधानसभा के षष्ठम (मॉनसून) सत्र के सफल, सुचारू और गरिमापूर्ण संचालन को लेकर बुधवार को झारखंड विधानसभा स्थित स्पीकर कक्ष में विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो की अध्यक्षता में सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन भी शामिल हुए।
बैठक में मॉनसून सत्र के दौरान सदन की कार्यवाही को लोकतांत्रिक परंपराओं, संसदीय मर्यादाओं और नियमों के अनुरूप संचालित करने पर विस्तृत चर्चा की गई। विधानसभा अध्यक्ष ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से सदन की गरिमा बनाए रखने तथा जनहित के मुद्दों पर सकारात्मक और रचनात्मक चर्चा सुनिश्चित करने के लिए सहयोग का आग्रह किया।
बैठक में इस बात पर भी बल दिया गया कि मॉनसून सत्र के दौरान सदन की कार्यवाही शांतिपूर्ण, व्यवस्थित और प्रभावी ढंग से संचालित हो, ताकि राज्य से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक चर्चा हो सके और विधायी कार्य समयबद्ध तरीके से संपन्न किए जा सकें।
सर्वदलीय बैठक में संसदीय कार्य मंत्री राधा कृष्ण किशोर, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, विधायक प्रदीप यादव, सुरेश पासवान, अरूप चटर्जी, जयराम कुमार महतो, निर्मल महतो सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। बैठक में सभी दलों ने सदन के सफल संचालन के लिए सहयोग का भरोसा जताया।

