राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने प्राप्त किया मतदाता सूची का प्रारूप
भागलपुर। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में शुक्रवार को समीक्षा भवन, भागलपुर में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2025 के अंतर्गत 1 अगस्त 2025 को प्रकाशित मतदाता सूची के प्रारूप को लेकर बैठक आयोजित की गई।बैठक में भागलपुर जिले के विभिन्न राजनीतिक दलों के जिला प्रतिनिधियों को मतदाता सूची का प्रारूप प्रदान किया गया। प्रतिनिधियों ने आश्वस्त किया कि वे अपने-अपने बूथ लेवल एजेंट (बी.एल.ए.) के माध्यम से मतदाता सूची की जांच कराएंगे तथा भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार कार्य करते हुए निर्वाचन प्रक्रिया में पूर्ण सहयोग करेंगे।बैठक में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस, राष्ट्रीय जनता दल, जनता दल (यूनाइटेड), भारतीय जनता पार्टी, राष्ट्रीय लोक समता पार्टी, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) तथा बहुजन समाज पार्टी के जिला प्रतिनिधि उपस्थित थे। इस अवसर पर निर्वाचन कार्यालय के अन्य पदाधिकारी व कर्मी भी मौजूद रहे।



