बिहार दंगों की आग में झुलस रहा और सीएम नीतीश जश्ने इफ्तार मना रहे हैं : भाजपा

पटना : बिहार के दो शहरों में हिंसा और तनाव के बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इफ्तार पार्टी में शामिल होने पर भाजपा नेताओं ने निशाना बनाना शुरू कर दिया है। अब ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. निखिल आनंद ने कहा कि जब रोम जल रहा था, तब नीरो बंशी बजा रहा था। ठीक उसी तर्ज पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जश्ने इफ्तार मना रहे हैं, जबकि बिहार दंगों की आग में झुलस रहा है।
निखिल आनंद ने जश्ने इफ्तार के बैकग्राउंड में लाल किला की आकृति पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जश्ने इफ्तार के बैकग्राउंड में लाल किला की ऐसी तस्वीर लगाई हुई है, जैसे मिस्टर यूटर्न नीतीश कुमार कल ही झंडा फहराने जा रहे हैं। नीतीश कुमार का यह दिवास्वप्न कभी पूरा नहीं होगा। मुख्यमंत्री को शर्म भी नहीं आती है कि बिहार को दंगों की आग में धकेल कर हिंदुओं को पलायन के लिए मजबूर कर दिया है। खुद उनके गृह क्षेत्र नालंदा में दंगा भड़का है और वे पार्टी कर रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि सासाराम में भाजपा की ओर से आयोजित सम्राट अशोक जयंती समारोह को रोकने के लिए नीतीश कुमार के निर्देश पर राज्य प्रायोजित दंगा भड़काया गया। कितना दुखद पहलू है कि सम्राट अशोक की जयंती रोकने के लिए आम जनजीवन को दांव पर लगाकर दंगा भड़काया गया। नीतीश कुमार ने सम्राट अशोक और उनकी महान विरासत का अपमान किया है। बिहार की जनता को मौके की तलाश है, जब नीतीश कुमार रसातल के गर्त में धकेल दिए जाएंगे। बिहार की जनता सम्राट अशोक के अपमान का बदला जरूर चुकाएगी।
इस्तीफा देकर आश्रम प्रस्थान कर जाएं
भाजपा नेता ने कहा कि अभी भी मौका है कि नीतीश कुमार इस्तीफा देकर आश्रम प्रस्थान कर जाएं। इसके साथ ही उन्होंने भविष्यवाणी की कि 2024 और 2025 के चुनाव में महागठबंधन का सूपड़ा साफ हो जाएगा। भाजपा 2024 में 40 की 40 सीटें जीतेगी और 2025 में 200 से भी ज्यादा सीटें लाकर बड़ी बहुमत की सरकार बनाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *