नव निर्मित विधायक आवासीय परिसर में 76वां वन महोत्सव का आयोजन,सीएम ने किया पौधरोपण
रांची : राजधानी के जगन्नाथपुर स्थित नवनिर्मित विधायक आवासीय परिसर में शुक्रवार को 76वां राज्यव्यापी वन महोत्सव उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन सहित कई गणमान्य व्यक्ति, जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत वृक्षारोपण से हुई। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस मौके पर वन संरक्षण और पर्यावरण संतुलन के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन, बढ़ते तापमान और प्रदूषण जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि केवल पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि उनकी देखभाल करना भी हमारी जिम्मेदारी है। सीएम ने कहा कि स्वस्थ पर्यावरण के लिए जंगलों का संरक्षण जरूरी है और यह केवल सरकार नहीं बल्कि समाज के हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है।
विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने कहा कि वन महोत्सव सिर्फ एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह लोगों को पर्यावरण और प्रकृति के महत्व से जोड़ने का अवसर है। उन्होंने कहा कि हमें आने वाली पीढ़ियों के लिए हरियाली को संरक्षित रखना होगा और इसके लिए जन-जागरूकता बेहद जरूरी है।
इस अवसर पर मौजूद सभी लोगों ने सामूहिक रूप से संकल्प लिया कि वे अपने जीवन में अधिक से अधिक पेड़ लगाएंगे और पर्यावरण की रक्षा में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। कार्यक्रम के दौरान वनों के महत्व, पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने की आवश्यकता और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण पर विस्तृत चर्चा की गई।
वन महोत्सव ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि प्रकृति के बिना जीवन संभव नहीं है और यदि आज हम इसकी रक्षा करेंगे, तो आने वाली पीढ़ियां स्वच्छ, हरा-भरा और स्वस्थ वातावरण में जीवन जी सकेंगी।
इस अवसर पर मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की,मंत्री दीपिका पांडेय सिंह,विधायक राजेश कच्छप सहित कई विधायक मौजूद थे।

