अखिल भारतीय स्टील मेडिकल ऑफिसर्स कॉन्फ्रेंस में इस्पात संयंत्र के चिकित्सकों का उत्कृष्ट प्रदर्शन

बोकारो – विगत दिनों दुर्गापुर में आयोजित 45 वें अखिल भारतीय स्टील मेडिकल ऑफिसर्स कॉन्फ्रेंस में बोकारो इस्पात संयंत्र (बीएसएल) के चिकित्सकों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए अनेक पुरस्कार अपने नाम किए। इस प्रतिष्ठित सम्मेलन में सेल की सभी इकाइयों सहित टाटा स्टील एवं देश के अन्य प्रमुख इस्पात संयंत्रों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया था. बीएसएल के कुल 9 चिकित्सकों ने अधिशासी निदेशक (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा) डॉ. बी. बी. करुणामय के मार्गदर्शन तथा एआईएमएमओसी कमेटी के अध्यक्ष मुख्य महाप्रबंधक (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा) डॉ. आर. के. गौतम के नेतृत्व में अपनी प्रस्तुतियाँ दीं।विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए डॉ. तृप्ति चंद्रा ने टोटल क्वालिटी मैनेजमेंट श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, डॉ. रजनीश कुमार ने ओएचएस श्रेणी में औद्योगिक श्रमिकों पर कोलटार के प्रभावों पर अपनी प्रस्तुति के लिए ‘बेस्ट स्पीकर’ का खिताब जीता. लॉन्ग पेपर श्रेणी में डॉ. दीप्ति प्रभा एक्का ने रेटिनल नर्व फाइबर लेयर पर तंबाकू के प्रभाव विषय पर द्वितीय स्थान हासिल किया।इसके अतिरिक्त, डॉ. शमा परवीन एवं डॉ. आकाश कांत ने क्रमशः पीजी शॉर्ट पेपर और एमबीबीएस पेपर श्रेणी में तृतीय स्थान प्राप्त किया, जबकि मेडिक्विज प्रतियोगिता में डॉ. संतोष चौबे और डॉ. मोहित कुमार की जोड़ी भी तृतीय स्थान पर रही। इस सफलता में मुख्य महाप्रबंधक (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा) डॉ. आनंद कुमार, डॉ. अनिंदो मंडल तथा डॉ. इंद्रनील चौधरी का महत्वपूर्ण तकनीकी मार्गदर्शन रहा।उपलब्धि की इसी कड़ी में, एआईएसएमओसी पुरस्कार विजेताओं ने दिनांक 25 फरवरी को बीएसएल के निदेशक प्रभारी प्रिय रंजन से मुलाकात कर अपने अनुभव साझा किए।इस अवसर पर अधिशासी निदेशक (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा) डॉ. बी. बी. करुणामय की उपस्थिति में निदेशक प्रभारी ने सभी विजयी प्रतिभागियों को बधाई दी। उन्होंने चिकित्सकों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें आगामी सम्मेलनों में और भी बेहतर प्रदर्शन करने तथा चिकित्सा क्षेत्र में निरंतर नवाचार के लिए प्रेरित किया।
यह उपलब्धि स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में बीएसएल की प्रतिबद्धता और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा पद्धतियों को अपनाने के संकल्प को दर्शाती है। बीएसएल प्रबंधन अपने चिकित्सा अधिकारियों की शैक्षिक एवं पेशेवर प्रगति के लिए निरंतर प्रयासरत है, ताकि संयंत्र कर्मियों और क्षेत्र की जनता को सर्वोत्तम स्वास्थ्य सुविधाएँ सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *