साहिबगंज में जमीनी विवाद में एक ही परिवार के तीन लोगों की निर्मम हत्या, आरोपी ने किया आत्मसमर्पण
रांची :साहिबगंज जिले के तालझारी थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बुधवार को तालझारी के दूधकल गांव में जमीनी विवाद को लेकर एक ही परिवार के तीन सदस्यों की धारदार हथियार से बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस वारदात ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया है और गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया है।
मृतकों की पहचान एक ही परिवार के सदस्यों के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही तालझारी थाना प्रभारी रितेश पांडे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की बारीकी से जांच की। पुलिस ने साक्ष्य जुटाने के साथ-साथ प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ भी शुरू की।
पुलिस के अनुसार, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी भजन हेंब्रम ने तालझारी थाना में आत्मसमर्पण कर दिया। शुरुआती जांच में पता चला है कि मृतक और आरोपी के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था, जो मंगलवार को खूनी संघर्ष में बदल गया। फिलहाल आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि हत्या की पूरी कहानी और कारण सामने आ सके।
घटना के बाद दूधकल गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है और दोषियों को सख्त सजा देने की मांग की है। प्रशासन ने गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर शांति बनाए रखने की अपील की है।
पुलिस का बयान:तालझारी थाना प्रभारी रितेश पांडे ने बताया कि मामले की जांच तेजी से की जा रही है और बहुत जल्द पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा। साथ ही आरोपी को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा।



